- Hindi News
- रेजीडेंट डॉक्टर्स ने दी हड़ताल की चेतावनी
रेजीडेंट डॉक्टर्स ने दी हड़ताल की चेतावनी
अजमेर - उदयपुर के एमबी अस्पताल में रेजीडेंट डॉक्टर के साथ हुई मारपीट का मामला गरमा गया है। राजस्थान रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनंत कोटिया ने चेतावनी दी है कि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो जेएलएन अस्पताल के रेजीडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले जाएंगे। डॉ. कोटिया ने बताया कि एमबी अस्पताल के मेडिसिन विभाग में काम कर रहे डॉ. राकेश चौधरी से मंगलवार को कुछ लोगों ने मारपीट की थी। आरोपी प्रभावशाली लोग हैं, जिससे उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी कई बार रेजीडेंट्स ने सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते अब रेजीडेंट्स खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। उन्होंने बताया कि संभाग स्तर पर सभी रेजीडेंट डॉक्टर्स प्रतिनिधियों से बातचीत हो गई है। यदि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो मजबूरन हड़ताल पर जाना पड़ेगा।