करणी सेना का प्रदर्शन
अजमेर - इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्र गुटों में झगड़े की समझाइश के नाम धोखे से बुला कर श्री राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष व अन्य सदस्यों पर प्राणघातक हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी व प्रदेशाध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना की अगुवाई में राजपूतों ने प्रदर्शन किया तथा एसपी को ज्ञापन दिया। प्रदेशाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि जल्दी ही गिरफ्तारी नहीं की गई तो सेना अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी।
शहर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दूसरे गुट के समर्थन में आदतन अपराधी रामकेश मीणा व अन्य लोगों ने समझौता करने के नाम पर करणी सेना के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चूंडावत व अन्य पदाधिकारियों को बुलाया था।
चूंडावत व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो रामकेश व अन्य साथियों ने सरिए, बेस बॉल के बैट तथा लाठियों से उन पर हमला बोल दिया। सेना के कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी मिलती और वे मौके पर पहुंचते इससे पहले ही हमलावर भाग छूटे। सेना के जिलाध्यक्ष ने आदर्श नगर थाना पुलिस में हमलावरों के खिलाफ प्राणघातक हमला करने का मामला दर्ज कराया गया लेकिन पुलिस ने अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
राजपूत एकजुट : हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण राजपूत समाज में रोष व्याप्त हो रहा है। इसी को लेकर करणी सेना के प्रदेश स्तरीय नेता गुरुवार सुबह अजमेर पहुंचे। संरक्षक लोकेंद्र सिंह कालवी की अध्यक्षता में कुंदन नगर स्थित राजपूत हॉस्टल में बैठक हुई। समाज के करीब चार सौ युवाओं ने इसमें भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए कालवी तथा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने चेतावनी दी है कि अपराधी इस प्रकार की घटनाओं के माध्यम से आतंक फैला रहे हैं। पुलिस को इनके खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए। ऐसा नहीं होता है तो करणी सेना अपने स्तर पर भी कार्रवाई कर सकती है। बैठक के बाद सभी लोग पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचे। करणी सेना के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर अपराधियों को गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने की मांग की है। बाद में उन्होंने एसपी को ज्ञापन दिया जिसमें रामकेश के खिलाफ शहर व अन्य थानों में दर्ज मुकदमों के आधार पर आदतन अपराधी घोषित करने की मांग की है। इस मौके पर श्रीनगर सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम जांगिड़, पूर्व जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह रावत, पूर्व पार्षद लक्ष्मी नारायण शर्मा, तारागढ़ दरगाह के गद्दीनशीन सैद हफीज अली ने भी एसपी से अपराधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। राजपूत हॉस्टल में आयोजित बैठक व प्रदर्शन में भाग लेने वालों में घनश्याम सिंह, देवेंद्र सिंह, दशरथ सिंह सकराय, देवेंद्र सिंह पीपरोली, महिपाल सिंह तोलामाल, संजय सिंह, शक्ति सिंह दांता, विक्रम सिंह साम्प्रौदा, महेंद्र सिंह मालास, गजेंद्र सिंह देवड़ा, देवेंद्र सिंह जादौन, नवनीत सिंह, पराक्रम सिंह, हर्षवर्धन सिंह, गौरव सिंह, जयवर्धन सिंह तथा दुष्यंत सिंह समेत अन्य युवा शामिल थे।