फिर याद आया विवेकानंद स्मृति वन
भास्कर न्यूज - अजमेर
राज्य में सरकार बदलते ही एडीए अधिकारियों ने कार्ययोजना की प्राथमिकताएं भी बदल दी हैं। वसुंधरा राजे के पिछले कार्यकाल के दौरान बनाई गई विभिन्न योजनाएं ठंडे बस्ते से बाहर आना शुरू हो गई हैं।
महाराणा प्रताप स्मारक का कार्य शुरू करने के बाद अब विवेकानंद स्मृति वन में निर्माण गतिविधियां बढ़ गई हैं। पहले चरण के लिए एक करोड़ की लागत से काम होंगे। इसमें वन तक पहुंचने के लिए सीसी रोड सहित चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण होना है। पार्क की योजना 2006 में भाजपा नेता धर्मेश जैन ने यूआईटी चेयरमैन रहते हुई बनाई थी। इस दौरान बाउंड्री वॉल का काम भी करा दिया गया था। बाद में कांग्रेस की सरकार आई तो विवेकानंद वन का काम फाइलों में बंद हो गया।
मेडिटेशन एरिया बनेगा
वन के एक क्षेत्र में मेडिटेशन एरिया भी बनाया जाएगा। इसमें कई लोग एक साथ ध्यान कर सकेंगे। एडीए अधिकारी आधुनिक मेडिटेशन स्थलों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।
फैमिली एक्टीविटीज के
लिए भी जगह
विवेकानंद वन में घूमने आने वाले परिवारों के लिए चार स्थानों पर फैमिली एक्टीविटी एरिया भी बनेगा। इसमें लोगों के लिए स्वस्थ मनोरंजन के संसाधन भी जुटाए जाएंगे। पार्क में एक फूड जोन भी होगा। पार्क में बच्चों के लिए भी बहुत कुछ खास होगा। एक पाथ-वे बनेगा। उसके सहारे-सहारे वॉटर बॉडी में पानी भी बहेगा। वन में आधुनिक लाइटों के साथ फव्वारे भी लगेंगे।