पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मी होंगे सम्मानित : कलेक्टर

अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मी होंगे सम्मानित: कलेक्टर वैभव गालरिया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अजमेर। राज्य सरकार के विशेष सफाई अभियान के तहत जिला प्रशासन के सहयोग से समन्वय सेवा संस्थान के तत्वावधान में गुरुवार को दो दिवसीय कार्यशाला जवाहर रंगमंच पर शुरू हुई। कार्यशाला का शुभारंभ जिला कलेक्टर वैभव गालरिया, विधायक अनिता भदेल, वासुदेव देवनानी, निगम के सीईओ हरफूल सिंह यादव और उप महापौर अजीत सिंह ने किया। स्वच्छ अजमेर-स्वास्थ्य अजमेर-सुंदर अजमेर विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर गालरिया ने कहा कि जो सफाई कर्मचारी अच्छा काम करेंगे, उन्हें 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक अनिता भदेल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसलिए समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारियों को जो झाडू उपलब्ध करवाई जा रही है वह तकनीकी रूप से सही नहीं है। काम के दौरान सफाई कर्मचारियों को झुकना पड़ता है और उनकी कमर में दर्द होने लगता है। इसलिए बांस लगी झाडू उपलब्ध करवाई जाए। भदेल ने शहर में पर्याप्त कचरा डिपो बनाने का सुझाव दिया। भदेल ने कहा कि सफाई कर्मचारी भी सड़कें साफ करने के बाद कचरे को पास ही नाले में डाल देते हैं। जिससे नाला जाम हो जाता है। कचरा उठाने वाला ठेकेदार भी ऐसे ट्रैक्टर काम में लेते जो कचरा ले जाते समय सड़कों पर गिरता रहता है।

प्लास्टिक की थैलियों पर जब पाबंदी है तो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए फैक्ट्री मालिक के खिलाफ क्यों नहीं कार्रवाई की जाती। विधायक वासुदेव देवनानी ने कहा कि सफाई कार्य में जिन उपकरणों की आवश्यकता है उसके लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। आवश्यकता पडऩे पर राशि विधायक कोष से उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर में खाली प्लॉट कचरा डिपो बनने से रोके जाएं। कार्यशाला के दौरान संस्था अध्यक्ष डिंपल शर्मा ने बताया कि प्रोजेक्टर के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने संबंधी जानकारी दी गई।

सीएम के हाथों दिए जाएं नियुक्ति पत्र : भदेल ने समारोह के दौरान कहा कि राज्य सरकार ने सफाई कर्मचारियों की भर्ती को हरी झंडी दे दी है। फरवरी में जिला मुख्यालयों पर मंत्रीमंडल आने वाला है। ऐसे में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री के हाथों दिलवाए जाएं।