कर्मियों ने 17 से आंदोलन की चेतावनी दी
अजमेर - राजस्थान लोक सेवा आयोग सहायक कर्मचारी संघ ने सहायक कर्मचारियों व वाहन चालकों के पदों पर 14 फरवरी तक भर्ती नहीं किए जाने पर 17 फरवरी से आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में सहायक कर्मचारी संघ ने गुरुवार को आयोग सचिव को ज्ञापन सौंपा।
संघ के अध्यक्ष किशन सिंह के मुताबिक आयोग कार्यालय के लिए शासन द्वारा चतुर्थ श्रेणी के 23 और वाहन चालकों के 4 पद स्वीकृत किए लगभग 8 महीने बीत गए हैं। लेकिन अभी तक चयन प्रक्रिया संपन्न नहीं की गई है। सचिव मोहन लाल गुर्जर का कहना है कि लोकसभा चुनाव के कारण जल्द ही आचार संहिता लागू होने वाली है। जिसके चलते इन पदों की चयन प्रक्रिया बाधित होने की संभावना है। चयन प्रक्रिया में
विलंब के कारण आवेदकों को आर्थिक व मानसिक वेदना सहन करनी पड़ रही है। संघ ने इन पदों के लिए 5 से 14 फरवरी तक साक्षात्कार आयोजित कर परिणाम घोषित करने की मांग की है। आयोग प्रबंधन द्वारा साक्षात्कार प्रक्रिया में विलंब पर कर्मचारी आंदोलन की राह पकड़ेंगे। सहायक कर्मचारियों के आंदोलन को मंत्रालयिक कर्मचारी संघ ने भी पूरा समर्थन दिया है।