- Hindi News
- विरोध में सर्व समाज सेना संघर्ष समिति का गठन
विरोध में सर्व समाज सेना संघर्ष समिति का गठन
अजमेर - करणी सेना के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और साथियों पर हमले की घटना के विरोध में गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह कालवी के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के जवाब में विभिन्न समाज के युवाओं ने सर्व समाज सेना संघर्ष समिति का गठन किया है।
समिति ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन की घोषणा की है। दूसरी ओर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र ने एसपी को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि करणी सेना के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह और उसके साथियों ने उसे जाति सूचक शब्दों से संबोधित कर अपमानित किया था। इनके खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।गुरुवार को इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र भीम सिंह पुत्र अशोक कुमार मीणा ने साथियों के साथ एसपी को शिकायत पत्र दिया। भीम सिंह ने बताया कि 27 जनवरी को वह परीक्षा के बाद कॉलेज परिसर में दोस्तों से बातचीत और हंसी-मजाक कर रहा था। तभी कॉलेज के छात्र संजय लूनीवाल और उसका साथी आया और उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। उसने विरोध किया तो आरोपी अपने साथियों के साथ उसे पीटने के लिए तलाशते रहे। 28 जनवरी को नरेंद्र सिंह चूडावत और उसके साथी जीप में आए और उसे जाति सूचक शब्दों से संबोधित कर अपमानित करते हुए मारपीट करने लगे। भीम सिंह ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार की है। आदर्शनगर थाना पुलिस जांच कर रही है।
सर्व समाज सेना संघर्ष समिति गठित : आदर्शनगर में कई समाज के युवाओं की बैठक में सर्व समाज सेना संघर्ष समिति का गठन किया गया। महासचिव संजय मीणा के अनुसार बैठक में सुरेंद्र चौधरी, निशांत चौधरी, सांवरा रावत, भीम सिंह रावत, लादू सिंह रावत, कपिल वैष्णव, पंकज शर्मा, सोनू शर्मा, विवेक शर्मा, नव जागृति मंच के अविनाश शर्मा, ईश्वर राजोरिया, चेतन, घनश्याम, सुरेश गुर्जर, बबलू गुर्जर, कालू गुर्जर, संजय मीणा, पवन मीणा, सागर मीणा, रोबिन मीणा, दीपक, राजेश मीणा सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे।
बैठक में समिति का अध्यक्ष ओमप्रकाश गहलोत को चुना गया। महासचिव संजय मीणा, कार्यकारी अध्यक्ष कपिल मारोठिया को बनाया गया है। समिति के प्रवक्ता गिरीश गढ़वाल ने बताया कि शुक्रवार को समिति के बैनरतले विभिन्न समाज के युवा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करेंगे।