नाजिम की याचिका पर अब सुनवाई 5 को
भास्कर न्यूज - अजमेर
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्रालय द्वारा हटाए गए दरगाह नाजिम डॉ. अंसार अहमद खान द्वारा मंत्रालय के आदेश को दी गई चुनौती वाली याचिका पर गुरुवार को हाईकोर्ट में बहस अधूरी रही। अब 5 फरवरी को सुनवाई होगी।
डॉ. अंसार अहमद खान के मुताबिक हाईकोर्ट में उन्होंने याचिका दायर कर दी है। मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर रिलीव कर दिया था। डॉ. खान के स्थान पर मंत्रालय में निदेशक मोहम्मद अफजल को नाजिम पद का अतिरिक्त चार्ज सौंपा है। डॉ. खान ने इस आदेश को ही चुनौती देने के लिए यह याचिका दायर की है। डॉ. खान ने बताया कि उन्हें मंत्रालय के कोई आदेश नहीं मिले हैं।
दरगाह कमेटी पहुंचे अफजल : इधर, मंत्रालय में निदेशक व नाजिम पद का अतिरिक्त चार्ज संभालने वाले मोहम्मद अफजल गुरुवार रात को दरगाह कमेटी पहुंच गए। नाजिम का चार्ज संभालने के बाद वे पहली बार यहां आए हैं। माना जा रहा है कि शुक्रवार को कमेटी सदर भी यहां पहुंच जाएंगे। डॉ. खान द्वारा हाईकोर्ट में दायर की गई याचिका के परिप्रेक्ष्य में दोनों का यहां पहुंचना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दरगाह चढ़ावा प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई : दरगाह में आने वाले चढ़ावे के बंटवारे के संबंध में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। अब इस मामले में 6 फरवरी की तारीख पड़ी है। दरगाह कमेटी सूत्रों के मुताबिक गुरुवार खादिमों की ओर से उनके अधिवक्ता ने इस मामले में अपना पक्ष रखा।