कार्यशाला में दी वेब पोर्टल की जानकारी
अलवर. आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र को ऑनलाइन करने के संबंध में सामान्य चिकित्सालय परिसर स्थित आईएमए हॉल में कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान सिविल प्रणाली के तहत जन्म एवं मृत्यु ऑनलाइन वेब पोर्टल ‘पहचान’ बेहद प्रभावी, सुगम और पारदर्शी तरीका है।
इससे आमजन के समय और धन की बचत होगी। कार्यक्रम में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक बीडी सब्बरवाल एवं सहायक निदेशक बीएम यादव ने जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रेशन अधिनियम 1969 के साथ ‘पहचान’ वेब पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में राजस्थान सिविल रजिस्ट्रेशन प्रणाली के तहत जन्म एवं मृत्यु ऑनलाइन वेब पोर्टल ‘पहचान’ के माध्यम से स्थानीय निकायों के कंप्यूटर ऑपरेटर्स एवं संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक सुखबीर सिंह सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।