रक्तदाता पर ही नाश्ते का जिम्मा
भास्कर न्यूज क्चअलवर
रक्तदान के बाद रक्तदाता को रिफ्रेशमेंट जरूरी है। यदि आप राजीव गांधी अस्पताल के सरकारी ब्लड बैंक में रक्तदान करने जा रहे हैं तो इसकी व्यवस्था खुद करके जाएं। क्योंकि अस्पताल की ब्लड बैंक में इसकी कोई व्यवस्था नहीं है। ब्लड बैंक में आने वाले रक्तदाता को न तो नाश्ता दिया जाता है और न ही उसके हिस्से के 25 रुपए। इसके बारे में रक्तदाता को तो पता नहीं है और अस्पताल प्रशासन बताना नहीं चाहता। यही कारण है कि नाश्ते की राशि के बारे में ब्लड बैंक में रक्तदाता को मिलने वाली इस सुविधा का जिक्र तक नहीं है। रक्तदाता इस सुविधा से दस साल से अधिक समय से महरूम हैं।
रक्तदाता को मिलने वाली सुविधाओं की जागरूकता के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे ब्लड बैंक में आने वाले रक्तदाता अनभिज्ञ हैं। कुछ एनजीओ तो शिविरों में रक्तदाताओं के रिफ्रेशमेंट के लिए ब्लड बैंक से बजट ले लेती हैं और कुछ पीएमओ कार्यालय के चक्कर लगाने के कारण नहीं ले पाती।