गांवों में टाइम टेबल से बंटेंगे सिलेंडर
अलवर. गैस के लिए चक्कर लगाने वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए यह अच्छी खबर है। अब गांवों में भी सिलेंडर सप्लाई की बेहतर व्यवस्था के लिए टाइम-टेबल तय कर दिया गया है। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सिलेंडर के लिए चक्कर लगाने पड़ते थे। जिन गांवों में पचास से अधिक गैस कनेक्शन हैं वहां आवश्यक रूप से गाड़ी भेजकर सिलेंडर सप्लाई कराए जाएंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री हेमसिंह भडाणा के निर्देश पर जिला रसद विभाग ने यह व्यवस्था की है। डीएसओ के अनुसार जिलेभर के एजेंसी संचालकों की मीटिंग के बाद टाइम-टेबल तय कर दिया गया है। शुरुआत राजगढ़ तहसील क्षेत्र से की जा रही है।
॥गांवों में सिलेंडर सप्लाई की बेहतर व्यवस्था के लिए टाइम-टेबल तय किया गया है। पचास से कम कनेक्शन वालों के लिए नजदीकी प्वाइंट तय किए गए हैं। यदि तय समय पर सिलेंडर गाड़ी नहीं पहुंचती है तो संबंधित कंपनी के सेल्स अधिकारी से जवाब लेकर एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-आरसी मीणा, जिला रसद अधिकारी
इन गांवों में इस दिन होगी सप्लाई
राजगढ़ क्षेत्र में एचपी गैस कंपनी द्वारा कनेक्शन जारी किए हुए हैं। जिला रसद अधिकारी आरसी मीणा के अनुसार ग्राम पंचायत गढ़ीसवाईराम के ग्राम गढ़ी, बहड़कों, कानेटी, पाड़ा, भेडोली व अंतापाड़ा में प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार, पिनान, झाड़का, हिरणोटी, साहिबाबाद, खोहरा मलावली व टोडा कचावा में माह के तीसरे गुरुवार, रैणी, डेरा, जामडोली, दानपुर, परवैनी, उकेरी, खोरा व बबेली में माह के पहले गुरुवार, माचाड़ी, पाटन, सालोली, ईसवाना, भगत का बास, नयागांव माचाड़ी में माह के चौथे मंगलवार, ढिगावड़ा, बावडी, पलवा, चंदपुरा, कांदोली, गोरखपुरा, मूनपुर, बहाली, भांकरी व दुब्बी में माह के चौथे रविवार को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी। ग्राम पूनखर, नया गांव प्रतापपुरा, बालेटा व पृथ्वीपुरा में माह के दूसरे बुधवार ग्राम पंचायत के ग्राम नीमला, मोती बाड़ा, गोठ, रतनपुरा, सकट व राजपुर बड़ा में माह के दूसरे मंगलवार, टहला, तालाब, घेवर, राजडोली व रूपबास में माह के चौथे शनिवार तथा ग्राम पंचायत खोहदरीबा, टोडा जयसिंहपुरा, ककराली रामपुरा, तिलवाड़, पालपुर, गोवर्धनपुरा व गोलाका बास में माह के पहले शनिवार को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।
रसद विभाग ने पचास से अधिक गैस कनेक्शन वाले गांवों के लिए बनाई व्यवस्था