- Hindi News
- अस्पतालों में जननी को मिलेगा पौष्टिक खाना
अस्पतालों में जननी को मिलेगा पौष्टिक खाना
भास्कर न्यूज - अलवर
सभी चिकित्सालयों में अब जननी को ताजा, पौष्टिक और गर्म भोजन मिलेगा। इसके लिए स्वयं सहायता समूह को चिकित्सालय प्रभारी भुगतान करेंगे। जननी सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत यह व्यवस्था एक फरवरी से लागू की जाएगी। एनआरएचएम की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। चिकित्सा संस्थानों में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क चिकित्सा व्यवस्था के साथ जननी को ताजा और गर्म भोजन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन भुगतान में देरी नहीं होगी। इसके लिए अलवर जिले को 34 लाख रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इसमें सामान्य प्रसव के बाद तीन दिन तक तथा सिजेरियन प्रसव के बाद जननी को सात दिन तक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जच्चा को शारीरिक और मानसिक कमजोरी नहीं हो तथा बच्चे को स्तनपान कराने के लिए उसे संतुलित आहार मिल सके।
॥स्वयं सहायता समूह को अस्पताल प्रभारी की ओर से भुगतान का एनआरएचएम शासन सचिव की ओर से जारी पत्र प्राप्त हो चुका है। यह पत्र सभी बीसीएमओ और अस्पताल प्रभारियों को भेजा जा चुका है। इस प्रक्रिया को एक फरवरी से लागू करने के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. आर. के. मीणा, सीएमएचओ अलवर