चालक व परिचालक को बंधक बनाकर ट्रक लूटा
भास्कर न्यूज - नगर
बीतीरात आठ अज्ञात बदमाश नगर-अलवर रोड पर चालक व परिचालक को बंधक बनाकर शराब से भरे ट्रक, 20 हजार रुपए की नगदी व एक मोबाइल को लूट कर भाग गए।
थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह निर्वाण ने बताया कि ट्रक चालक लाखनसिंह जाट निवासी लालपुर थाना मर्गोरा यूपी 22 जनवरी की शाम 7 बजे एमआईए अलवर स्थित यूनाईटेड स्प्रिट लिमिटेड से 925 पेटी शराब भरकर धौलपुर स्थित आरएसवीसीएल के लिए रवाना हुआ। रात करीब 8.30 बजे नगर से दो किलोमीटर पहले अलवर रोड पर बदमाशों ने एक बोलेरो वाहन को ट्रक के आगे लगा दिया। चालक द्वारा ट्रक रोकने पर बोलेरा वाहन के अन्दर बैठे आठ बदमाशों ने लाखन व परिचालक के साथ मारपीट कर दी और चालक से 20 हजार रुपए की नगदी व मोबाइल लूट लिए। बंधक बना बोलेरो में डालकर ले गए। बाद में चालक व परिचालक को पुन्हाना थाने के गांव सेरी के जंगल में बनी कोठरी में बंदकर चले गए। 23 जनवरी की सुबह कोठरी के दरवाजा तोड़कर गांव सेरी पहुचे। जहां उन्होंने ट्रक मालिक जग्गो निवासी बछगांव यूपी को ट्रक लूट की सूचना दी। चालक व परिचालक द्वारा ट्रक मालिक के साथ नगर आने के दौरान रास्ते में उन्हें शराब से भरे ट्रक की नन्दगांव पलिस चौकी में खडे होने की जानकारी मिली। बाद में पुलिस चौकी नन्दगांव थाना बरसाना जाने पर ट्रक शराब सहित मिलने व बदमाशों द्वारा एक टायर, ट्रक व शराब के कागजात ले जाने का मामला दर्ज कराया है।