पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअलवर। हनुमान सर्किल के पास स्पेयर पाट्र्स बनाने वाली कंपनी के चौकीदार को बंधक बनाकर हथियारबंद बदमाश करीब साठ लाख का गन मैटल व कॉपर लूट ले गए। बदमाशों की संख्या दस थी। लूट के बाद वे माल को एक मिनी ट्रक में भरकर ले गए।
दिल्ली रोड पर राधा कृष्ण मंदिर की बगल में स्थित नेशन बुशिंग इंडस्ट्रीज में शुक्रवार रात 11 बजकर 50 मिनट पर बदमाशों ने चौकीदार सुरेश शर्मा से गेट खुलवाया। पहले सात बदमाश फैक्ट्री में दाखिल हुए। कुछ देर बातचीत करने के बाद बदमाशों ने चौकीदारों को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद बदमाश चौकीदार को गार्ड रूम में ले गए और हाथ-पैर बांध दिए। इस बीच उनके और साथी भी फैक्ट्री में आ गए। उन्होंने फैक्ट्री में लगे सीसी कैमरों में तोडफ़ोड़ की। बदमाशों ने ऑफिस, स्टोर, मशीन रूम के ताले तोड़ दिए। उन्होंने पूरे परिसर को घंटों खंगाला। जहां-जहां सीसी कैमरे दिखाई दिए उनमें तोडफ़ोड़ की। इसके बाद वे बाहर खड़े मिनी ट्रक को परिसर में लेकर आए।
बदमाश गन मैटल व कॉपर की सिल्लियों को मिनी ट्रक में भरकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद रात करीब दो बजे गार्ड ने किसी तरह पैर खोले और पड़ोसियों के पास पहुंच कर घटना की जानकारी दी। घटना का पता लगने के बाद फैक्ट्री मालिक व पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
फैक्ट्री मालिक महेंद्र कुमार गुप्ता व प्रमोद कुमार गुप्ता का कहना है कि वारदात में करीब साठ लाख का मैटल गया है। घटना में आठ टन से अधिक का मैटल गया है। घटना की रिपोर्ट एनईबी थाने में प्रमोद कुमार गुप्ता ने दर्ज कराई है।
कोहरे के कारण नहीं पड़ी नजर
जिस समय बदमाश फैक्ट्री में आए, उस वक्त कोहरा था। इस रोड पर पूरी रात ट्रैफिक चलता है। कुछ ही दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर पुलिस चौकी भी है। पूरी रात यहां पुलिस रहती है लेकिन नहीं तो पड़ोसियों और राहगीरों को पता लगा और न ही पुलिस को।
छूट गया सबूत
नेशनल बुशिंग इंडस्ट्रीज में बदमाशों ने हर सबूत को मिटाने का प्रयास किया। सीसी कैमरों का पता लगने के बाद बदमाशों ने फैक्ट्री के ऑफिस के ताले तोड़ दिए। बदमाश अकाउंटेंट के कमरे में रखे कम्प्यूटर को तो साथ ले गए लेकिन मालिकों के ऑफिस में लगे कम्प्यूटर पर निगाह नहीं पड़ी। वारदात की पूरी रिकॉर्डिंग इसी कम्प्यूटर में हो रही थी।
3 दिन पहले मंगवाया था गन मैटल
फैक्ट्री मालिक महेंद्र कुमार गुप्ता का कहना है तीन दिन पहले ही गन मैटल मंगवाया गया था। यह काफी महंगी धातु है। यह गाडिय़ों के स्पेयर पाट्र्स बनाने में काम आता है। पुलिस का आशंका है कि बदमाशों के फैक्ट्री में आए माल के बारे में पूरी जानकारी थी। पुलिस वारदात के समय मौजूद गार्ड सुरेश शर्मा से भी पूछताछ कर रही है। बदमाशों के आने पर गार्ड ने गेट क्यों खोला? इस बारे में भी उससे पूछताछ की जा रही है।
एक ही चौकीदार के हवाले थी फैक्ट्री
नेशनल बुशिंग इंडस्ट्रीज में रात को एक ही चौकीदार रहता है। इस फैक्ट्री में अक्सर शाम सात बजे बाद काम बंद हो जाता है और श्रमिक घर चले जाते हैं। फैक्ट्री मालिकों का कहना है कि शुक्रवार को वे नौ बजे काम बंद कर घर गए थे। फैक्ट्री बंद होने के बाद गार्ड अंदर से ताला लगा लेता है।
नेशनल बुशिंग इंडस्ट्रीज में हुई घटना सीसी कैमरों में कैद हो गई। तस्वीरों में ज्यादातर बदमाश चेहरे को ढके हुए हैं। दो बदमाशों के चेहरे भी दिखाई दे रहे है। सीसी फुटेज में वे कैमरे तोड़ते और मैटल की सिल्लियां उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.