- Hindi News
- सिक्योरिटी गार्डों पर बदमाशों ने की फायरिंग
सिक्योरिटी गार्डों पर बदमाशों ने की फायरिंग
अलवर. एमआईए में एक बंद फैक्ट्री में लगे ट्रांसफार्मर से कॉपर लेने आए बदमाशों ने सिक्योरिटी गार्डों पर फायरिंग कर दी। सिक्योरिटी गार्डों ने एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी को भी जब्त किया है।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एमआईए में एचपीएम इंडस्ट्रीज में रात करीब पौने बारह बजे बदमाश बाउंड्री कूदकर अंदर घुसे। वे फैक्ट्री में लगे बड़े ट्रांसफार्मर को खोल रहे थे कि गेट पर तैनात गार्ड ज्ञान सिंह गुर्जर की उन पर नजर पड़ी। ज्ञान सिंह ने जैसे की टॉर्च मारी, बदमाशों ने भागकर उसे दबोच लिया। बदमाशों ने गार्ड का मोबाइल भी छीन लिया। कुछ देर में बदमाशों ने दूसरे गार्ड चरण सिंह को भी पकड़ लिया। दोनों गार्डों के कट्टे दिखाकर बदमाशों ने उन्हें गेट के पास बगल में बैठा लिया। कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिलों पर और बदमाश आ गए। हल्ला सुनकर फैक्ट्री की कैंटीन की तीसरी मंजिल पर सो रहा तीसरा गार्ड प्यारा सिंह जाग गया। उसने कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर को मोबाइल से कॉल कर घटना की जानकारी दी। सिक्युरिटी सुपरवाइजर ने आसपास की फैक्ट्रियों लगे गार्डों को तुरंत एचपीएम फैक्ट्री पहुंचने के लिए कहा। करीब आधा घंटे में 10-15 गार्ड लाठियां लेकर एचपीएम फैक्ट्री पहुंच गए। गार्डों ने जैसे ही बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। बदमाशों ने दो से तीन राउंड फायर किए और भागने लगे। गार्डों ने पीछाकर एक बदमाश महेंद्र सिंह रायसिख को पकड़ लिया जबकि उसके साथी भागने में कामयाब रहे। घटना का पता लगने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर टोल नाके के पास से एक और बदमाश पुन्हाना के ढाढ़ोली गांव निवासी शौकत मेव ((21)) को पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है। एमआईए थाना प्रभारी शिवराम सिंह का कहना है कि टपूकड़ा के शाहपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह रायसिख ((23)) व ढाढ़ोली गांव निवासी शौकत मेव ((21)) को गिरफ्तार किया है।