पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभास्कर न्यूज - अलवर
64वां गणतंत्र दिवस समारोह रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित किया गया। समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री हेमसिंह भड़ाना ने मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके बाद लोक संगीत और हरियाणा, गुजरात व राजस्थानी लोक नृत्यों ने लोक कला का तिरंगा सजाया। समारोह में विभिन्न विभागों की 15 झांकियों ने विकास के नए आयाम को दर्शाया। इस अवसर पर 4८ लोगों को सम्मान हुआ। मणिपुर में आतंकवादी हमले का सामना करते हुए चार आतंकवादियों को ढेर करने वाले सेना के जवान का सम्मान भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय की हरियाणवी लोक नृत्य प्रस्तुति, हरियाणवी पैरोडी में बदलते गानों की धुन आया रे फाल्गुन का महीना देखूं बांट गौरी की और म्हारो नौ डांडी का बीजणा, दिल्ली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की गुजराती गरबा की पैरोडी गाने के साथ प्रस्तुति काफी सराही गई। राजकीय राम गोपाल खन्ना की छात्राओं ने राजस्थानी लोक नृत्य आयो रे म्हारौ ढोलना की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री ((स्वतंत्र प्रभार)) हेमसिंह भडाना ने कहा कि देश लगातार प्रगति की ओर अग्रसर हैं। सबसे बड़े हमारे लोकतांत्रिक देश को तोडऩे के लिए बडी ताकतें लगातार प्रयास करती रही हैं लेकिन हमारी अनेकता में एकता की संस्कृति के सामने विघटनकारी ताकतें नहीं टिक पाती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को प्रगति व प्रेम का रास्ता दिखाएं यही हमारा सच्चा गणतंत्र है।
समारोह में ये भी थे मौजूद
समारोह में जिला प्रमुख साफिया खान, शहर विधायक बनवारी लाल सिंघल, नगर परिषद सभापति सुनीता खाम्बरा, उपसभापति राजदुलारी शर्मा, जिला कलक्टर आरएस जाखड़, जिला पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा मौजूद थे। संचालन दिनेश शर्मा, रेणु मिश्रा और प्रदीप पंचोली ने किया।
शहीदों को नमन
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की ओर से कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर जिला कलेक्टर आरएस जाखड़ ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी पीडी गुर्जर ने बताया कि यह परंपरा इस वर्ष पहली बार निभाई गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विकास कुमार भी मौजूद थे।
15 झांकियों का प्रदर्शन
समारोह में कुल 15 झांकियां प्रस्तुत की गई। इनमें जिला ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ की झांकी प्रथम, निर्वाचन विभाग की द्वितीय व वन विभाग की तीसरे स्थान पर रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में इनका यह स्थान
सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजकीय रामगोपाल खन्ना स्कूल की छात्राओं को प्रथम स्थान, दिल्ली पब्लिक स्कूल को दूसरा व केंद्रीय विद्यालय को तीसरा स्थान मिला।
राज्यपाल का संदेश पढ़ा, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम हरभान मीणा ने राज्यपाल का संदेश पढ़ा। समारोह में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री ((स्वतंत्र प्रभार)) ने समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों तथा युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.