कृषि सुपरवाइजर एपीओ, डीईओ को चेतावनी
भास्कर न्यूज - नौगावां/ अलवर
जिला कलेक्टर आरएस जाखड़ ने गांवों में न आने की शिकायत पर कृषि सुपरवाइजर अमर सिंह को एपीओ कर दिया है, वहीं रात्रि चौपाल में मौजूदगी न होने पर डीईओ एलीमेंट्री को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि चौपाल समाप्त होने से पहले डीईओ एलीमेंट्री नहीं आए तो कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में रात करीब साढ़े आठ बजे डीईओ एलीमेंट्री को सूचना भेजी गई। शेरपुर में चौपाल शाम करीब छह बजे शुरू हुई। इस दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर जिला कलेक्टर ने ढौड़ा की ढाणी के हैंडपंप को जल्द सही कराने के निर्देश दिए। साथ ही चिड़वा और शाहपुर में पीने के पानी की समस्या का निदान करने के लिए बड़ी पेयजल योजना तैयार की बात कही। साथ ही शिवमंदिर, बाबा लालदास मंदिर पर नए हैंडपंप लगवाने के निर्देश दिए। रसगण गांव में तैयार पांच टंकी और तीन नलकूपों के चालू न होने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने को कहा। चौपाल के दौरान नौगावां सब स्टेशन पर नया ट्रांसफार्मर लगाने, दीन मोहम्मद को तुरंत कनेक्शन देने, खराब मीटर को तीन दिन में बदलने, सरपंच के कुएं का मीटर ठीक करने, मनोहर सिंह का घरेलू कनेक्शन तीन दिन में देने, हाजीपुर में सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करने, पार्षद धीरसिंह का बिल सही करने और मीटर को चेंज करने के निर्देश विद्युत निगम अधिकारियों को दिए गए। पशुपालन विभाग के अधिकारियों को बकरा पालन योजना के अंतर्गत तीन दिन में टीकाकरण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इस बीच मनोहरी ने बताया कि छह माह से विभाग के चक्कर काटने के बाद भी पेंशन नहीं दी गई है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को निर्देश दिए। साथ ही पालनहार योजना के तहत वीरमति, सुखराम को सहायता दिलाने पर भी जोर दिया। नेत्रहीन धर्मपाल की शिकायत पर कलेक्टर ने सीएमएचओ को तीन दिन में गांव में शिविर लगाकर निशक्तजनों को प्रमाणपत्र दिलाने के निर्देश दिए। इस दौरान यह भी कहा कि कुछ कमियों के चलते छात्रवृति के छह हजार आवेदन निरस्त किए गए। संबंधित युवा तीस जनवरी तक इन कमियों को दूर कर सकते हैं। इसके अलावा जिन्होंने आवेदन नहीं किए हैं, वे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बीईओ को निर्देश दिए कि रामगढ़ से बगड़ तिराहे के बीच स्थित विद्यालय के डेपुटेशन वाले टीचरों को रिलीव कर नौगांवा क्षेत्र के विद्यालयों में आवश्यकतानुसार लगाएं। इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ कमलराम मीणा, एसडीओ उम्मेदी लाल मीणा, प्रधान नसरू खान आदि थे।