- Hindi News
- बाला किला फतेह गुंबद देखने का लगेगा शुल्क
बाला किला-फतेह गुंबद देखने का लगेगा शुल्क
भास्कर न्यूज - अलवर
बाला किला और फतह गुंबद देखने के लिए अब शुल्क देना होगा। शुल्क निर्धारित भी कर दिया गया है। इसके अलावा बाला किले के प्रवेश द्वार पर गार्ड लगाए जाएंगे। बुधवार को जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई पर्यटन स्थायी विकास समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बाला किला के गेट पर गार्ड किला देखने आने वाले हर व्यक्ति की रजिस्टर में एंट्री करेंगे। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे बाला किला लोगों के भ्रमण के लिए खुला रखा जाएगा। बैठक में फतह गुंबज की चारदीवारी का निर्माण यूआईटी से कराने तथा नीमराणा की ऐतिहासिक बावड़ी की चार दीवारी का निर्माण बहरोड़ की औद्योगिक इकाइयों से कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ग्रामीण पर्यटन विकास योजनांतर्गत चयनित राजगढ़ के अनावड़ा में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। पर्यटन एवं यातायात विभाग को जिले के पर्यटन स्थलों का रूटचार्ट बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रमुख-प्रमुख स्थलों पर जिले के पर्यटन स्थलों से सम्बन्धित बोर्ड लगवाए जाएं। पर्यटन स्थलों की सुरक्षा एवं विकास के लिए 5 सदस्यीय पर्यटन विकास समिति भी बनाई जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम हरभान मीणा, एसडीएम मीनाक्षी मीणा, एडीशनल एसपी ग्रामीण राजेन्द्र वर्मा, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक चंद्रशेखर व्यास आदि अधिकारी उपस्थित थे।
यह होगा शुल्क
बाला किला व फतह गुंबद देखने आने वाले भारतीय नागरिकों से 10 रुपए, विद्यार्थियों से 5 रुपए व विदेशी पर्यटकों से 50 रुपए शुल्क लिया जाएगा। बाला किला और फतह गुंबद देखने आने वाले पर्यटकों से प्राप्त होने वाली राशि को पर्यटक स्थालों के विकास कार्य पर खर्च किया जाएगा।
पर्यटन विकास समिति की बैठक में निर्णय