सेना ने रोका सड़क निर्माण
अलवर. लाल डिग्गी के समीप ब्रह्मा कालोनी में बन रही सड़क को बुधवार को सेना अधिकारियों ने रुकवा दिया। दोबारा निर्माण नहीं हो इसके लिए कालोनी में कुछ हथियारबंद जवानों को भी तैनात कर दिया गया है। यह मामला फिलहाल कोर्ट में है, ऐसे में नगर परिषद द्वारा कालोनी में कराए जा रहे निर्माण को सैन्य अधिकारियों ने गैर-कानूनी बताया है। सेना इस जमीन पर लंबे अर्से से अपनी हकदारी जता रही है, जबकि कालोनीवासियों का तर्क है कि वे पिछले साठ वर्ष से यहां रह रहे हैं। सेना की तरफ से यहां बने पक्के मकानों पर पहले भी लाल क्रास निशान लगा दिए गए थे। जानकारी के अनुसार नगर परिषद की ओर से इस कालोनी में सीसी सड़क बनाने के लिए पांच लाख का बजट पारित किया है। शेष - 18 पर
बुधवार सुबह ठेकेदार निर्माण कराने पहुंचा। सड़क का कुछ निर्माण हो भी गया था लेकिन दोपहर को इसकी खबर सेना अधिकारियों को हो गई। वे मौका मुआयना करने पहुंचे तथा सड़क बनती देख मौके पर सेना के जवानों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने ठेकेदार बी आर सेतिया को काम बंद करने की चेतावनी देते हुए कोर्ट से फैसला नहीं होने तक निर्माण नहीं कराने की हिदायत दी। कालोनीवासियों ने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद रमन सैनी को दी। सैनी ने बताया कि उन्होंने मोबाइल से कर्नल प्रशांत गुप्ता से बात की तो उन्होंने गुरुवार को स्टेशन हैडक्वार्टर में वार्ता के लिए बुलवाया है।