हर माह होगी जनसुनवाई
अलवर. अब हर माह जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। पहली जनसुनवाई 31 जनवरी की सुबह 11 बजे महल चौक पर आयोजित की जाएगी। यह जानकारी जिला कलेक्टर आरएस जाखड़ ने दी। बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देश पर लोगों की समस्याओं के निदान के लिए कई कदम उठाए गए हैं। सुगम पोर्टल का नाम अब संपर्क समाधान किया गया है। इसमें दर्ज होने वाली समस्याओं की मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से लोगों की समस्याएं सुनें और निदान करें। विभागों में निदान न होने पर समस्याएं जनसुनवाई में लाई जाएंगी। हर माह जनसुनवाई होगी। पहली जनसुनवाई 31 जनवरी को सुबह 11 बजे महल चौक पर होगी। इसमें जलदाय विभाग, नगर परिषद, यूआईटी, विद्युत निगम, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला परिषद सहित 18 विभागों के काउंटर लगाए जाएंगे। इनसे संबंधित समस्याओं को पंजीकृत कर समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। जनसुनवाई में कर्मचारियों के तबादले, सूचना के अधिकार से संबंधित और न्यायालय में लंबित समस्याओं को शामिल नहीं किया जाएगा। इस मौके पर एसपी विकास कुमार, यूआईटी सचिव इंद्रकुमार सोलंकी, एडीएम प्रशासन हरभान मीणा, जिला परिषद के सीईओ कमलराम मीणा आदि मौजूद थे।