पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हादसे में छात्रा की मौत, डॉक्टर निलंबित

हादसे में छात्रा की मौत, डॉक्टर निलंबित

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अलवर/ततारपुर. ततारपुर थाना क्षेत्र के जालपीवास मोड़ के समीप बुधवार शाम सड़क दुर्घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि चार छात्राएं घायल हुई हैं। छात्राओं को परिजन ततारपुर सीएचसी लेकर पहुंचे तो वहां डॉक्टर ही नहीं मिली। इस पर उन्होंने हंगामा कर दिया। बाद में जिला कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ ने ड्यूटी डॉक्टर डॉ. मंजू शर्मा को निलंबित कर दिया। पुलिस के अनुसार चूड़ला गांव निवासी छात्रा ममता पुत्री दाताराम गुर्जर, ममता पुत्री सुआराम, पप्पी पुत्री बाबूलाल गुर्जर, रेखा पुत्री पप्पू गुर्जर एवं माया पुत्री लटूर राम टेहड़की के निजी स्कूल में पढ़कर गांव लौट रही थी। दसवीं कक्षा की सभी छात्राएं करीब पंद्रह वर्ष की हैं। सड़क किनारे पैदल आने के दौरान जाल पीवास मोड के समीप बहरोड़ की ओर से आती स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने किसी वाहन से ओवरटेक करने के चक्कर में छात्राओं को टक्कर मार दी। इस दौरान गाड़ी भी पलट गई। इनमें घायल ममता पुत्री दाताराम गुर्जर की मौके पर मौत हो गई और चार छात्राएं घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। परिजन मृत एवं घायल छात्राओं को लेकर ततारपुर सीएचसी पहुंचे तो वहां डॉक्टर नहीं मिले। इसके बाद परिजनों ने घायल छात्राओं को बहरोड़ के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया और मृत छात्रा को पोस्टमार्टम के लिए अलवर लेकर रवाना हुए। सीएचसी में करीब एक घंटे तक हंगामे के बाद लोगों ने सूचना जिला कलेक्टर को दी। जिला कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी डॉ. मंजू शर्मा को निलंबित करने के आदेश दिए।



घायलों का होगा निशुल्क इलाज

सीएमएचओ डॉ. आरके मीणा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छात्रा ममता पुत्री सुआराम एवं माया पुत्री लटूर राम का बहरोड़ के कैलाश हॉस्पिटल में निशुल्क इलाज कराया जाएगा। दोनों को फ्रेक्चर है। इस संबंध में हॉस्पिटल के प्रभारी को निर्देश दे दिए हैं।

सीएचसी में पांच डॉक्टरों की ड्यूटी

ततारपुर सीएचसी में पांच डॉक्टरों की ड्यूटी है। इनमें प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र चौहान, डॉ. पूरन आर्य व डॉ. निशा यादव पीजी परीक्षा के कारण छुट्टी पर हैं। वहीं डॉ. प्रियंका शर्मा मेटरनिटी लीव पर चल रही हैं। मंजू शर्मा ही ड्यूटी डॉक्टर थी, जो बिना सूचना मुख्यालय छोड़ दिया।