राष्ट्रपिता गांधी को किया याद
भास्कर न्यूज - अलवर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि गुरुवार को शहीद दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर कई संस्थाओं की ओर से संगोष्ठियों का आयोजन कर गांधी जी के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। शहर कांग्रेस कमेटी के दोनों ब्लाकों की पार्टी कार्यालय में बैठक में हुई। इसके बाद नगर परिषद परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए तथा दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर ब्लॉकाध्यक्ष सीएल जाजोरिया, प्रदीप सिंह, अजय महावर, सीमा तिवाड़ी, सत्यवीर चौधरी, एस आर यादव, दिनेश चांवरिया, प्रमेंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।
ब्राह्मण युवा एकता की ओर से दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके संगोष्ठी भी हुई जिसकी अध्यक्षता एकता प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र शास्त्री ने की। इस अवसर पर ब्राह्मण युवा एकता जिलाध्यक्ष पं.श्रीराम शर्मा, डॉ. एसके शर्मा आदि उपस्थित थे। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मन्नाका में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। यहां राजस्थान पंचायती राज कर्मचारी संघ जिला उपाध्यक्ष मदनमोहन चौधरी, अभय शर्मा, सुनीता शर्मा, अनिता सैनी, वीना व्यास आदि उपस्थित थे।
जिला कलेक्टर आरएस जाखड़, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम हरभान मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय राजेन्द्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिटी पीके जैन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलराम मीणा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारियों ने गुरुवार को महल चौक परिसर में स्वतंत्रता संग्राम में शहीद होने वाले शहीदों को दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्घांजलि अर्पित की।