- Hindi News
- बच्चों को एक रोटी देता था शिक्षक कलेक्टर ने दिए एपीओ के आदेश
बच्चों को एक रोटी देता था शिक्षक कलेक्टर ने दिए एपीओ के आदेश
अलवर. पोषाहार प्रभारी द्वारा बच्चों को एक रोटी दिए जाने और गंदे बर्तनों में खाना पकाने की शिकायत के बाद गुरुवार को जिला कलेक्टर आरएस जाखड़ ने उमरैण बीईईओ को ढहलावास स्कूल के शिक्षक गिर्राज प्रसाद को एपीओ करने के निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मिड डे मिल योजनांतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा एवं संचालन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान सीईओ कमलराम मीणा द्वारा ढहलावास स्कूल की रिपोर्ट को गंभीरता से लिया। इस पर कलेक्टर ने शिक्षक को हटाने के निर्देश दिए। दरअसल सीईओ द्वारा पिछले दिनों किए गए स्कूल के निरीक्षण में यह बात सामने आई थी कि प्रत्येक बच्चे को नियम के अनुसार सौ ग्राम आटे की रोटी देना जरूरी है। जबकि बच्चों से पूछताछ में यह पाया गया कि शिक्षक गिर्राज प्रसाद एक ही रोटी देता है और गंदे बर्तनों में खाना बनवाता है। इसके अलावा उन्होंने बहरोड़ में पोषाहार के गेहूं आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को हटाने के आदेश दिए हैं। ठेकेदार के खिलाफ गड़बड़ी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए कि विद्यार्थियों को गर्म खाना मिले। जिला रसद अधिकारी द्वारा पोषाहार के गेहूं की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए।