ओजस्वी व गौरवी के बीच होगा फाइनल
अलवर. जिला शीतकालीन बैडमिंटन चैंपियनशिप में 17 वर्ष आयु वर्ग के बालिका वर्ग का फाइनल मैच ओजस्वी शेखावत व गौरवी के बीच खेला जाएगा। 15 साल से कम के शुभम यादव ने दो वर्गों में सेमिफाइनल में जगह बनाई है। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से प्रतियोगिता जयकृष्ण क्लब में आयोजित की जा रही है।
सचिव भविंद्र अरोड़ा ने बताया कि 17 वर्ष आयु वर्ग बालिका एकल प्रतियोगिता के सेमिफाइनल में ओजस्वी शेखावत ने तन्नू को 21-1 व 21-1 और गौरवी ने राशि पांडे को 21-9, 17-21 व 21-16 से हराया। अब ओजस्वी व गौरवी फाइनल में आमने- सामने होगी। 15 वर्ष आयु वर्ग में लक्ष्य अग्रवाल, शुभम यादव, पुष्पेंद्र व रितिक तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में शुभम यादव, करण व कपिल शर्मा ने सेमिफाइनल में प्रवेश किया। पुरुष वर्ग के 45 वर्ष से कम आयु वर्ग में देवन भाटिया-कपिल आडवानी, संदीप शर्मा- हेमेंद्र यादव, संजय बांगा-जय कुमार व कपिल सैनी-मन्नी की जोडिय़ों ने मैच जीते जबकि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अनिल चौधरी-प्रमोद शर्मा की जोड़ी ने अपना मैच जीता।