मोबाइल वैन से बताए यातायात के नियम
भास्कर न्यूज - अलवर
राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ और ऑल इंडिया मोटर व्हीकल फैडरेशन की ओर से तैयार की गई मोबाइल वैन के जरिए जिले में आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। वैन चार दिन जिले में रहेगी। इस वैन के जरिए गुरुवार को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जानकारी दी गई।
इस मोबाइल वैन ने गुरुवार को नंगली चौराहा और वी एल मैमोरियल स्कूल में सड़क सुरक्षा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री और पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन का प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से सड़क हादसों और संकेतकों के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। नंगली सर्किल पर करीब डेढ़ सौ लोगों ने इस डॉक्यूमेंट्री को देखा। आरटीओ नानूराम चोयल ने बताया कि यह वैन राजस्थान सड़क सुरक्षा एवं शिक्षा व जागृति मिशन के तत्वावधान में संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह वैन प्रोजेक्ट हैड परिवहन निरीक्षक संघ के अध्यक्ष व अजमेर डीटीओ वीरेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में प्रदेशभर में लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए तैयार की गई है। वैन के जरिए आम आदमी को सहज ढंग से यातायात के नियमों की जानकारी दी जाती है। इस वैन में अनुदेशक आनंद सिंह कानावत, कपिल अग्रवाल और मानसिंह रावत बतौर इंस्ट्रक्टर काम कर रहे हैं। नंगली सर्किल पर परिवहन उपनिरीक्षक सविता सिंह, शालिनी सिंह, राजेश शर्मा, दुलारी सैनी, नीतू शर्मा सहित परिवहन कार्यालय स्टाफ एवं यातायात पुलिस के जगदीश कुमार आदि मौजूद थे।