पशुपालन विभाग के 260 शिविर स्थगित
भीलवाड़ा . पशु पालन विभाग की 60 दिवसीय कार्य योजना में शामिल पशुधन आरोग्य महा अभियान के तहत 25 जनवरी को लगाए जाने वाले सभी 260 पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर खराब मौसम के चलते स्थगित कर दिए गए हैं। इसी दिन राज्यभर में पांच हजार शिविर लगने थे। विभाग के संयुक्त निदेशक जीपी पचौरी ने बताया कि गौवंशीय पशुओं के संरक्षण, संवर्धन एवं उन्नयन के लिए पशुधन आरोग्य महाअभियान चलाने के आदेश तीन जनवरी को हुए थे। अभियान के तहत 25 जनवरी को एक ही दिन में जिले में पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण के लिए 260 शिविर लगाए जाने थे। इन शिविरों के लिए आवश्यक तैयारियां चल रही थीं। इस बीच, बुधवार को पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. राजेश मान ने एक आदेश जारी कर 25 जनवरी को लगाए जाने वाले इन शिविरों को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया। ईमेल से मिले आदेश में शिविर स्थगित करने का कारण खराब मौसम बताया गया है।