डीआईजी ने किया जेल का निरीक्षण
भीलवाड़ा. पुलिस उप महानिरीक्षक जेल शिवलाल जोशी ने बुधवार सुबह जिला जेल का निरीक्षण किया। बंदियों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं। महिला बंदियों से भी जानकारी ली। जेल परिसर में भरा बारिश का पानी साफ करने के निर्देश दिए।
डीआईजी जयपुर से उदयपुर जाते समय सुबह अचानक जेल पहुंच गए। उन्होंने डीएसपी सुमन मालीवाल से व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जेल की बैरक भी देखीं। बंदियों को दी जाने वाली चपाती व दाल को चखा। पुरुष व महिला बंदियों से समस्याएं जानीं। निरीक्षण के दौरान डीआईजी का ध्यान जेल में खाली पड़े पद व बिल्डिंग मरम्मत पर दिलाया। इस पर उन्होंने पद जल्द भरने का आश्वासन दिया। डीआईजी जोशी के जेल पहुंचने पर डीएसपी मालीवाल व अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
फैक्ट्री में काम करते युवक की सिर में चोट लगने से मौत
भीलवाड़ा. चित्तौड़ मार्ग स्थित एक फैक्ट्री में बुधवार शाम कार्य के दौरान सिर में चोट लगने से मंडपिया स्टेशन पर रहने वाले एक युवक की मौत हो गई तथा एक जना घायल हो गया। हमीरगढ़ थानाधिकारी गजराज चौधरी के अनुसार मंडपिया स्टेशन पर रहने वाला कमलेश ((23)) पुत्र आनंदीलाल सुवालका व धर्मराज ((27))पुत्र हस्तीमल मीणा एक फैक्ट्री में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सिर में चद्दर की चोट लगने से दोनों को गंभीर चोटें आईं। जिनको शहर के एक निजी अस्पताल लाए, जहां कमलेश की मौत हो गई।