अंडरब्रिज व सड़कों पर भरा रहा पानी
भास्कर न्यूज क्चभीलवाड़ा
मंगलवार को हुई बारिश की बदइंतजामी बुधवार तक भी रही। पुलिस लाइन, काशीपुरी व यूआईटी के सामने वाले रेलवे अंडरब्रिज से नगर परिषद बुधवार शाम तक भी पानी नहीं निकाल पाया। टेक्सटाइल मार्केट में भी पानी भर गया था।
कॉलोनियों में भरे पानी को निकालने की तो नगर परिषद के पास कोई व्यवस्था ही नहीं है। अंडरब्रिज व टेक्सटाइल मार्केट में पानी भरा होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। बारिश में हर बार यही परेशानी होती है। परिषद अधिकारियों को जानकारी होते हुए भी वे अंडरब्रिज से पानी निकासी की त्वरित व्यवस्था नहीं करते। पुलिस लाइन अंडरब्रिज की समस्या सबसे ज्यादा है। क्षेत्रवासी नगर परिषद कार्यालय में शिकायत भी करते हैं लेकिन परिषद अधिकारी ध्यान नहीं देते।
तिलस्वां. बारिश से खेतों में पानी भर गया है। खदानों में पानी भरने से कामकाज ठप है। इससे मजदूरों को परेशानी हुई। किसान नंदा धाकड़ ने बताया कि नहरों से फसलों की सिंचाई की और बारिश आने से अब फसलें गलने की संभावना है।
कोठियां. बरसात से कई खेतों में पानी भर गया। किसान खेतों से पानी निकालने की मशक्कत करते रहे। बारिश के साथ तेज हवा चलने से कई खतों में फसले बिछ गई हैं।
गंगापुर. कस्बे के बीचोंबीच सहाड़ा चौपाटी पर अस्पताल भवन का निर्माण कराया गया। वर्षों तक यहां अस्पताल संचालित हुआ। इसके बाद इसे नए भवन में स्थानांतरित कर दिया गया। कस्बे में आने-जाने का मुख्य मार्ग भी इसी अस्पताल परिसर से गुजरता है। जहां बरसात होते ही परिसर व मार्ग में पानी भर जाता है। जिससे पूरा मार्ग बंद हो जाता है। कीचड़ इतना फैल जाता है कि लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। वाहन फंस जाने से लोग परेशान होते हैं।