लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें युवा :भावना दीदी
भीलवाड़ा. देवनारायण मंदिर आजाद नगर में चल रही भागवत कथा में बुधवार को भागवत प्रवक्ता भावना दीदी ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल जीवन चरित्र का वर्णन करते युवा पीढ़ी से लक्ष्य बनाकर आगे बढऩे का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जो जीवन में आगे बढऩा चाहता है, वह कुछ लक्ष्य लेकर चलें। जिस प्रकार भगवान ने लीला करते हुए हर क्षेत्र में अपनी अमिट पहचान बनाई। बच्चों को भी ऐसा ही करना चाहिए और संस्कारी बनना चाहिए। इंसान को घमंड नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह पतन की ओर ले जाता है। पंडित महेश व्यास ने बताया कि बुधवार को व्यासपीठ की पूजा अरुण रामपाल, अनिल रामपाल व विद्यासागर व अशोक कांठेड़ ने की। व्यास ने बताया कि पीपल विवाह के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलश लाकर रात में भजन कीर्तन होंगे। 24 जनवरी को बीलिया से भगवान चारभुजा नाथ की बारात आएगी।
‘आत्मा स्थिर होने पर ही ज्ञान’
भीलवाड़ा. श्रमण संघ के उदय मुनि ने बुधवार को शांति भवन में प्रवचन में कहा कि साधक कर्म बंधनों का अंत करने के लिए संपूर्ण बाह्य क्रिया से परे हो जाने की साधना करता है। वह ध्यान और कायोत्सर्ग के माध्यम से उत्तरोत्तर आगे बढ़ते हुए आत्मा में ही स्थिर हो जाता है। इस तरह साधक समस्त घाती कर्मों का नाश करके केवल ज्ञान एवं केवल दर्शन प्रकट करता है। यह मोक्ष मार्ग की उच्च स्थिति है। उदय मुनि एवं विरक्त मुनि गुरुवार को प्रवचन के बाद दोपहर दो बजे शांति भवन से विहार कर शास्त्रीनगर स्थित अहिंसा भवन पहुचेंगे।