भीलवाड़ा से बड़ोदरा के लिए सीधी बस
भास्कर न्यूज क्चभीलवाड़ा
गुजरात के बड़ोदरा शहर के लिए भीलवाड़ा से सीधी बस सेवा गुरुवार को शुरू हो गई। यह बस प्रतिदिन सुबह 6.15 बजे भीलवाड़ा से चलेगी और साढ़े तेरह घंटे का सफर तय कर शाम 7.45 बजे बड़ोदरा पहुंचेगी। डिपो के प्रबंधक संचालन शिवकुमार शुक्ला ने बताया कि डिपो ने बड़ोदरा तक बस चलाने के लिए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। गुजरात सरकार से भी मंजूरी मिलने पर गुरुवार से यह बस सेवा शुरू कर दी गई। इसके लिए दो नई बसें लगाई गई हैं। भीलवाड़ा से बड़ोदरा का किराया 310 रुपए प्रति यात्री निर्धारित किया गया है।
कब-कहां पहुंचेगी
बस प्रतिदिन सुबह सवा छह बजे भीलवाड़ा डिपो से रवाना होगी। 7.45 बजे चित्तौडग़ढ़, 11 बजे प्रतापगढ़, दोपहर डेढ़ बजे बांसवाड़ा, अपराह्न तीन बजे भीलकुआं, 3.45 पर जालोद, शाम छह बजे गोधरा व शाम 7.45 बजे बड़ोदरा पहुंचेगी। यह बस अगले दिन सुबह नौ बजे बड़ोदरा से रवाना होगी। 10.45 बजे गोधरा, दोपहर एक बजे जालोद, 1.45 बजे भीलकुआं, अपराह्न 3.30 पर बांसवाड़ा, शाम 5.45 प्रतापगढ़, रात 8.45 बजे चित्तौडग़ढ़ व रात 10.10 बजे भीलवाड़ा पहुंचेगी।
पहले दिन चार सवारी
बड़ोदरा के लिए चलाई गई बस पहले दिन डिपो से चार सवारी लेकर रवाना हुई। ये, सवारियां भी चित्तौडग़ढ़ तक की थी। बांसवाड़ा तक इस बस को मात्र 20 सवारियां मिलीं। इनमें से एक बड़ोदरा की थी।