- Hindi News
- पुलिस से पूछा, क्या शिशु का पालन कर पाएगी मां
पुलिस से पूछा, क्या शिशु का पालन कर पाएगी मां
भास्कर न्यूज क्चभीलवाड़ा
देवाखेड़ा के एक बाड़े में मिले नवजात ‘प्रारंभ’ की मां होने का दावा करने वाली प्रेम भील, ‘प्रारंभ’ की देखभाल कर पाएगी या नहीं। इस संबंध में जांच कर रिपोर्ट पेश करने के रायला पुलिस को बाल कल्याण समिति ने निर्देश दिए हैं। इस बीच, गुरुवार सुबह नवजात को जयपुर स्थित शिशुगृह भिजवा दिया गया है। समिति अध्यक्ष डॉ. सुमन त्रिवेदी ने बताया कि यह नवजात 10 जनवरी की रात देवाखेड़ा के एक बाड़े में लावारिस हालत में मिला था। पुलिस ने समिति के आदेश पर बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस बच्चे का नाम ‘प्रारंभ’ रखा गया है।
घटना के तीन दिन बाद देवा खेड़ा निवासी काना भील व इसकी पत्नी प्रेम ने रायला पुलिस के सामने नवजात के माता-पिता होने का दावा किया था। काना ने पत्नी को मानसिक रोगी बताते हुए कहा था कि बीमारी के कारण ही प्रेम, बच्चे को जन्म देने के बाद रिश्तेदार के यहां चली गई थी। भील दंपती ही इस नवजात के माता-पिता हैं, यह पता लगाने के लिए समिति ने बच्चे व दंपती का डीएनए टेस्ट कराया है। जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिल पाई है। इस बीच, समिति ने रायला पुलिस को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा कि सुपुर्दगी पर प्रेम भील, नवजात की सही देखभाल कर पाएगी या नहीं। साथ ही जिला अस्पताल के मनोचिकित्सक से भी प्रेम भील की मानसिक स्थिति की रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट के आधार पर समिति पता लगाएगी कि प्रेम वाकई बीमार है या उसने जानबूझकर नवजात को वहां फेंका था। उधर, गुरुवार सुबह साढ़े छह बजे चिकित्सा टीम व महिला कांस्टेबल प्रारंभ को जयपुर स्थित शिशुगृह ले गए।
बाल कल्याण समिति ने रायला पुलिस को दिए जांच के निर्देश