लापता वृद्ध का शव कुएं में मिला
भास्कर न्यूज क्चभीलवाड़ा
गंगापुर थाना क्षेत्र के सुरावास गांव से गत रात लापता हुए वृद्ध का शव शुक्रवार सुबह गांव के पास कुएं में तैरता मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव निकाल अस्पताल पहुंचाया। इस वृद्ध का कुछ दिनों से मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था।
थानाधिकारी गंगाराम के अनुसार सुरावास निवासी रामलाल((70))पुत्र सूरजमल गाडरी का कुछ दिनों से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। जिसके चलते वह गुरुवार रात बिना बताए घर से निकल गया। देर रात तक वृद्ध के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने गांव व आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह परिजनों ने गांव से करीब आधा किमी दूर एक कुएं में रामलाल का शव तैरता देखा। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीण जमा हो गए। घटना से गंगापुर थाना पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव कुएं से निकलवा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।
तहसीलों में विधिक सेवा केंद्र
भीलवाड़ा. राष्ट्रीय विधिक सेवा एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा भीलवाड़ा न्याय क्षेत्र की सभी तहसीलों में विधिक सेवा केंद्र स्थापित किए गए। विधिक सेवा क्लिनिक का भी गठन किया गया। शुभारंभ शुक्रवार शाम न्यायाधिपति आरएम लोढ़ा एवं कार्यकारी अध्यक्ष नालसा ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये किया। मांडल, कोशीथल, पंडेर, ब्राह्मणों की सरेरी, बिजौलियां, मांडलगढ़, शाहपुरा, गुलाबपुरा एवं कोटड़ी में स्थापित सेवा केंद्रों के शुभारंभ कार्यक्रम के प्रसारण को जिला एवं सेशन न्यायालय एवं तहसील स्तर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं विधिक सेवा के सदस्यों ने देखा। इन विधिक सेवा केंद्रों पर निशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं विधिक कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।