बालिका दिवस पर हुए आयोजन
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सुभाषनगर डिस्पेंसरी मीटिंग हॉल में विचार गोष्ठी सहित अन्य कार्यक्रम हुए। बाल विकास परियोजना अधिकारी ((शहर)) कुमुदनी शर्मा ने बेटियों को समाज का गौरव बताया। समारोह में डॉ. विजय माहेश्वरी ने बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी दी।
सुपरवाइजर यास्मिन पठान, पुष्पा व्यास व शिवा कंवर ने आत्मनिर्भरता, जीविकोपार्जन, बालिका शिक्षा, लिंग भेद एवं सबला योजना तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण के बारे में बालिकाओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर दौड़, स्वस्थ किशोरी, पोस्टर, वाद विवाद प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में बालिकाओं ने बाल विवाह पर संदेश परक लघु नाटिका प्रस्तुत की। बालिकाओं का हिमोग्लोबिन टेस्ट कराया गया। प्रतियोगिता में विजेता बालिकाओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग सुवाणा एवं महिला अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन सुवाणा में किया गया। प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवानंद नायक, महिला पर्यवेक्षक इंद्रा सुराणा, प्रतिभा भट्ट, संदीप सुखवाल, निशा व्यास, शीला गंगवाल, चंद्रकला भाटी व कांता वैष्णव उपस्थित थीं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से बेटी बचाओ अभियान में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संकल्प ग्रहण कार्यक्रम हुआ। सीएमएचओ डॉ. मुश्ताक खान ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को कन्या भ्रूण हत्या जैसे अमानवीय कृत्यों में सहभागिता नहीं करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर आरसीएचओ डॉ.एनके शर्मा, डॉ.अशोक खटवानी व जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी रामस्वरूप सेन सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे। बाल व महिला चेतना समिति द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाषनगर में कार्यक्रम हुआ। समिति अध्यक्ष तारा अहलुवालिया ने बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए राज्य सरकार की योजनाओं से बालिकाओं को अवगत कराया। इस अवसर पर अध्यापिका कौशल हीरामणि, चुरिया मूरिया की सचिव हेमलता अगनानी, अग्रिमा चौधरी व अर्पित कचौलिया उपस्थित थे।
:भीलवाड़ा. सुभाष नगर डिस्पेंसरी मीटिंग हॉल में पोस्टर प्रतियोगिता में चित्र बनाती बालिकाएं।