जनता जल योजना के कर्मचारी हों स्थाई
भास्कर न्यूज.भीलवाड़ा
राजस्थान जनता जल योजना संघ के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग लेकर सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। महासंघ एकीकृत के प्रदेश मंत्री सीपी जोशी के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया गया कि 1997 से इस योजना में कर्मचारी काम कर रहे हैं। इनका अल्प मानदेय होने से परिवार का गुजारा करना मुश्किल है। ज्ञापन देते वक्त जिलाध्यक्ष शंकरलाल बैरागी, जगदीश शर्मा, रामेश्वरलाल वैष्णव, हरिसिंह शक्तावत आदि मौजूद थे।
निशुल्क दवा व चश्मे वितरित
भास्कर न्यूज. भीलवाड़ा
श्री गणेश उत्सव प्रबंध एवं सेवा समिति तथा लायंस हॉस्पिटल की ओर से नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इसमें रोगियों को निशुल्क दवा व चश्मे वितरित किए गए। समारोह में उद्योगपति जेके बागड़ोदिया, समिति के अध्यक्ष उदयलाल समदानी, रामप्रसाद आगाल आदि उपस्थित थे। इसी तरह समिति की ओर से वृद्धाश्रम में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया। इसमें 115 रोगी लाभान्वित हुए। शिविर में डायबिटीज के 65 रोगियों का उपचार किया गया। घुटना दर्द के 32 रोगियों को मलहम दी गई।
एसबीआई की म्युचुअल फंड शाखा शुरू
भास्कर न्यूज.भीलवाड़ा
एसबीआई म्युचुअल फंड की भीलवाड़ा शाखा का उद्घाटन सोमवार को पांसल चौराहे पर हु्आ। सहायक महाप्रबंधक अनूप गोयल ने बताया कि एक ही दिन में 23 राज्यों में 51 शाखाओं का ई-उद्घाटन मुंबई से चेयरपर्सन ने सोमवार को किया है। शहर में पांसल चौराहे स्थित एसबीआई बैंक में म्युचुअल फंड की शाखा के उद्घाटन में ग्राहक भी उपस्थित थे। इस अवसर पर रीजनल हेड समीर सक्सेना आदि मौजूद थे।
शर्मा जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष
भास्कर न्यूज. भीलवाड़ा
शहर में जनकल्याण मोर्चा का गठन किया गया है। इसमें रामपाल शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया। सचिव दिलखुश उपाध्याय व सहसचिव चंद्रप्रकाश जोशी को बनाया गया।
भाविप भवन में लगा चिकित्सा शिविर
भास्कर न्यूज. भीलवाड़ा
भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा की ओर से शास्त्रीनगर स्थित भाविप भवन में निशुल्क चिकित्सा शिविर हुआ। शाखा के सचिव ओमप्रकाश कोगटा ने बताया कि शिविर में जांच के बाद रोगियों को निशुल्क दवाइयां दी गईं।
जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर वितरित
भास्कर न्यूज.भीलवाड़ा
श्री गोविंदम् चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मंगरोप के कल्याणपुरा राजकीय माध्यमिक विद्यालय में जरूरतमंद 150 बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. वीके वैद्य ने बताया कि कार्यक्रम में संगम यूनिवर्सिटी के प्रेसीडेंट डॉ. बीआर नटराजन, एसके जैन, राजकुमार जैन, शांता वैद्य, विनय मालानी, शकुंतला वैद्य आदि उपस्थित थे। डॉ. नटराजन ने ट्रस्ट की गतिविधियों की सराहना की।
प्रायोगिक परीक्षा कराई जाएं
भास्कर न्यूज. भीलवाड़ा
एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष भंवर गुर्जर के नेतृत्व में एमएलवी कॉलेज के प्राचार्य को ज्ञापन दिया गया। इसमें प्रायोगिक परीक्षाएं जल्दी कराने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, लेकिन अभी तक प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू नहीं हुई हैं।
एनआरएचएम कर्मचारियों ने की स्थाई करने की मांग
भास्कर न्यूज. भीलवाड़ा
चिकित्सा विभाग में एनआरएचएम के तहत लगे प्रबंधकीय स्टाफ ने नियमित करने की मांग की है। स्थानीय शाखा ने सोमवार को कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया। इस दौरान पवनकुमार, सतीश गंगवाल, कृष्णगोपाल विजय, महेंद्र यादव, इमरान, मनीष सैनी आदि उपस्थित थे।
न्यूज़ इनबॉक्स