पायल को किया दादी के सुपुर्द
४ दिन पहले रेलवे स्टेशन पर दादी से बिछुड़ गई थी 11 वर्षीय बालिका
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
चार दिन पहले बिछुड़ी मासूम पायल को आखिरकार उसकी दादी मिल गई। बाल कल्याण समिति ने बच्ची को उसकी दादी के सुपुर्द कर दिया। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष डॉ. सुमन त्रिवेदी ने बताया कि 25 जनवरी की दोपहर तीन बजे रमा विहार क्षेत्र में 11 साल की बालिका मिली थी। वहां के लोगों की सूचना पर चाइल्ड लाइन टीम बालिका को ले आई और समिति के सुपुर्द किया। बालिका ने खुद को मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कडिय़ा गांव निवासी पायल और पिता का नाम रामेश्वर बताया था।
उसने दादी से बिछुडऩे की बात कही थी। समिति इस बालिका को उसके द्वारा बताए पते पर भेजने के प्रयास कर रही थी कि पायल की तलाश करते हुए उसकी दादी हल्की बाई यहां आ गई। समिति ने पायल को हल्की बाई को सौंप दिया। हल्की बाई ने बताया कि वह पोती के साथ के ट्रेन से अजमेर जा रही थी। भीलवाड़ा स्टेशन पर पायल ने कुछ खाने की इच्छा जताई। पायल उससे पैसे लेकर खाने की वस्तु लाने गई। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। इससे दोनों बिछुड़ गई थीं। हल्की बाई ने कहा कि ट्रेन से वह अजमेर चली गई थी। हल्की का कहना है कि पायल का पिता मानसिक रोगी है, जबकि मां की मौत हो चुकी है।