यूआईटी के निर्माण कार्यों की जांच शुरू
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री उपयोग के कारण चर्चा में आने के बाद सीएमओ के निर्देश पर यूआईटी के पांच साल के निर्माण कार्यों की जांच शुरू हो गई है। यूडीएच द्वारा गठित कमेटी के चेयरमैन आरयूआईडीपी, जयपुर के चीफ इंजीनियर जीएल अग्रवाल के निर्देशन में तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को यूआईटी के करीब आठ निर्माण कार्य देखे।
अग्रवाल ने बताया कि अलग-अलग जगह क्वार्टर, सड़क, फुटपाथ, पौधरोपण आदि निर्माण कार्य देखे। इनमें से कुछ पुराने और कुछ नए थे। कोई भी निर्माण कार्य रनिंग नहीं था। जांच रिपोर्ट एक सप्ताह में यूडीएच के ज्वाइंट सेक्रेट्री उज्ज्वल राठौड़ को सबमिट होगी। टीम में पीडब्ल्यूडी एसई चिन्नहरि मीणा व कोषाधिकारी गोपालचंद्र ओझा भी थे। गौरतलब है कि 21 दिसंबर को एमजीएच परिसर में उपभोक्ता होलसेल भंडार की बिल्डिंग गिरने के बाद यूडीएच के ज्वाइंट सेक्रेट्री ने यूआईटी द्वारा पांच साल में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच के लिए कमेटी गठित की थी।