एटीएम तोडऩे की कोशिश नाकाम
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
शहर के इंद्रा मार्केट स्थित एसबीबीजे शाखा के एटीएम को दो लोगों ने तोडऩे का प्रयास किया। इस संबंध में बैंक मैनेजर दिनेश कुमार हेड़ा ने कोतवाली में मामला दर्ज कराया है। हेड़ा ने बताया कि देर रात दो लोग एटीएम में घुसे और उसे तोडऩे के प्रयास किया। हालांकि उन्हें सेफ तोडऩे में सफलता नहीं मिली और 32 मिनट की मशक्कत के बाद वापस लौट गए। घटना 26 जनवरी की रात एक बजे की है। 1 बजकर 31 मिनट तक के वीडियो फुटेज में दो लोग एटीएम में लगे कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में नजर आ रहे दोनों लोगों ने नीले रंग का जैकेट ((विद कैप)) पहना हुआ है।
पहले तोड़ा इनबिल्ट कैमरा
दोनों ने हथौड़ी और अन्य औजारों के साथ एटीएम को नुकसान पहुंचाया। उसकी सेफ तोडऩे तक पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। सबसे पहले उन्होंने एटीएम मशीन पर लगा इनबिल्ट कैमरा तोड़ा। क्षतिग्रस्त एटीएम को बैंक प्रबंधन ने दुरुस्त कराकर मामले की जानकारी रीजनल ऑफिस को दी।
अंदर से बंद कर लिया शटर
वीडियो फुटेज में दोनों युवक 20 से 25 वर्ष की आयु के नजर आ रहे हैं। उन्होंने एटीएम का शटर अंदर से बंद किया और साथ में लाए छोटे से सरियानुमा औजार व हथौड़ी के जरिए एटीएम तोडऩे का प्रयास किया। वे बार-बार शटर के नजदीक आकर भी नीचे से बाहर की ओर देखते रहे। बैंक मैनेजर दिनेश ने बताया कि संभवत: बाहर उनका कोई साथी रहा होगा।
एक दिन बाद रिपोर्ट दर्ज
घटना 26 जनवरी रात १ बजे बाद की है। अगले दिन बैंक खुला और कामकाज भी हुआ, लेकिन बैंक प्रबंधन ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की। रिपोर्ट 28 जनवरी को दोपहर में दी गई।
सुरक्षा भगवान भरोसे
शहर के अधिकांश बैंक व एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे है। अधिकांश एटीएम में दोपहर को तो सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, लेकिन रात में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा बैंकों व एटीएम में लगे ज्यादातर सीसी टीवी कैमरे बंद पड़े हैं। जब तक कोई वारदात नहीं होती, इन सीसी टीवी कैमरों की सुध तक नहीं ली जाती है। पूर्व में हुई वारदातों के बाद तत्कालीन पुलिस अधीक्षक ने बैंक पदाधिकारियों के साथ मीटिंग कर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए थे, लेकिन किसी ने इनकी पालना नहीं की।
यहां भी हो चुकी है वारदातें
एटीएम तोडऩे की वारदातें पहले भी हुई हैं। काशीपुरी, स्वरूपगंज, मांडल चौराहा, हुरड़ा में यह कोशिशें हुईं। कोतवाली के पास स्थित एटीएम सहित जिले में एक दर्जन से ज्यादा एटीएम से बैटरियां चोरी हो चुकी हैं। इन मामलों में अब तक पुलिस के हाथ कोई अपराधी नहीं लगा है।