पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हर पंचायत समिति में बनेगा ‘गौरव पथ’

हर पंचायत समिति में बनेगा ‘गौरव पथ’

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
राज्य सरकार ने प्रदेश की हर पंचायत समिति में एक ‘ग्रामीण गौरव पथ’ सड़क बनाने का निर्णय लिया है। यह गौरव पथ उस पंचायत समिति के जनसंख्या की दृष्टि से सबसे बड़े गांव को पंचायत समिति मुख्यालय से जोड़ेगा।
ग्रामीण गौरव पथ बनाने संबंधी आदेश सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव एके सांघी ने 29 जनवरी को सभी जिलों के अधीक्षण अभियंताओं को जारी किया है। आदेश के अनुसार ग्रामीण गौरव पथ सड़क योजना के पहले चरण में 10 हजार से अधिक आबादी वाली पंचायत समिति शामिल की जाएगी। शेष पंचायत समितियां दूसरे चरण में शामिल की जाएगी। यह निर्णय राज्यस्तरीय समीक्षा मीटिंग में लिया गया है।
ऐसा होगा गौरव पथ
मॉडल तौर पर बनाया जाने वाला यह गौरव पथ ग्रामीण क्षेत्र की सामान्य सड़कों से अलग होगा। इसकी चौड़ाई सात मीटर ((डबल लेन)) होगी। सामान्यत: ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की चौड़ाई साढ़े तीन मीटर ((सिंगल लेन)) होती है।
28 तक कराने होंगे पैचवर्क
पीडब्ल्यूडी के प्रमुख शासन सचिव जेसी महांति ने 29 जनवरी को सभी कलेक्टर्स व पीडब्ल्यूडी एसई को जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों के पैचवर्क 28 फरवरी तक कराने के निर्देश दिए हैं। जिन सड़कों पर पैचवर्क नहीं हो सकते हैं उनकी अलग से सूची तैयार की जाएगी ताकि उनका सुदृढ़ीकरण कराया जा सके।
हाइवे के लिए दिए 50 करोड़
महांति के आदेश में कहा गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत के लिए इस साल केंद्र सरकार से सीमित राशि मिली है। हालांकि राज्य सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत के लिए इस साल 50 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए हैं।
जिले में 11 पंचायत समितियां
जिले में कुल 11 पंचायत समितियां हैं। इनमें ग्रामीण गौरव पथ बनाए जाएंगे। पंचायत समिति में जनसंख्या की दृष्टि से कौनसा गांव सबसे बड़ा है इसका सर्वे पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाएगा। 11 पंचायत समितियों में सुवाणा, मांडल, आसींद, रायपुर, सहाड़ा, हुरड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, कोटड़ी, मांडलगढ़ व बनेड़ा शामिल हैं।