भगवान आदिनाथ का मोक्ष कल्याणक मना
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
दिगंबर जैन समाज ने बुधवार को प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक मनाया। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। तरणताल के सामने स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में इस अवसर पर कृत्रिम कैलाश पर्वत की रचना की गई। सुबह सात बजे नित्य अभिषेक के बाद पदम गदिया, नेमीचंद सोनी, ललित बिलाला, अंकित शाह एवं महावीर पहाडिय़ा ने आदिनाथ भगवान एवं शांतिनाथ भगवान की शांतिधारा की। आचार्य सुकुमालनंदी महाराज के ससंघ सानिध्य में संगीतमय पूजन के साथ कैलाश पर्वत पर निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया।
इससे पूर्व आचार्य ने भगवान के मोक्ष का ध्यान कराया। मोक्ष होने के बाद इंद्रों ने कैलाश पर्वत पर अंतिम संस्कार किया एवं सामूहिक रूप से निर्वाण कांड का पाठ करते हुए निर्वाण लड्डू चढ़ाया गया। इस अवसर पर कैलाश सोनी, राजेंद्र सेठी, सुरेंद्र गोधा, राजकुमार अजमेरा, सुरेश गदिया व महेंद्र सेठी सहित कई श्रावक उपस्थित थे।
भागवत कथा में वामन अवतार
भीलवाड़ा. बापूनगर स्थित श्री बाल हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन कथा व्यास राधाचरण दास महाराज ने बताया कि सत्य ही धर्म है। हमेशा सत्य का संग करना चाहिए, तब हमें किसी अन्य पाठ-पूजा की आवश्यकता नहीं रहेगी। कथा के दौरान भगवान के वामन अवतार की सजीव झांकी का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही कथा के दौरान नृसिंह अवतार व ध्रुव वृतांत भी सुनाया। समिति के सचिव सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि कथा तीन फरवरी तक दोपहर एक से शाम पांच बजे तक चलेगी। शर्मा ने बताया कि गुरुवार को कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
कथा के लिए भूमि पूजन
भीलवाड़ा. शिव सेवा समिति की ओर से महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में आगामी 19 से 27 फरवरी तक बड़ी पुलिया के पास शिव मंदिर में होने वाली शिवमहापुराण कथा के लिए बुधवार को भूमि पूजन किया गया। चित्रकूट धाम के आचार्य राजाराम महाराज दोपहर एक से शाम पांच बजे तक कथा वाचन करेंगे।
‘दुखों से मुक्त कराती आगमवाणी’
भीलवाड़ा. श्रमण संघ के उदयमुनि ने बुधवार को शास्त्रीनगर अहिंसा भवन में प्रवचन देते हुए कहा कि आगमवाणी अहिंसा, सत्य, संयम व तप आदि जीवन मूल्यों को स्थापित करती है। वह संसार के दुख दर्दों से मुक्त होने का मार्ग बताती है। उन्होंने कहा कि आगमवाणी से चैतन्य स्वरूपी आत्मा और अशुचिमय शरीर की भिन्नता का ज्ञान, भान व दर्शन होता है। श्री संघ के मंत्री कानसिंह चौधरी ने बताया कि गुरुवार को मुनि के प्रवचन सुबह 9.30 बजे होंगे।
‘कामना व तृष्णा त्यागें’
भीलवाड़ा. श्रीमद् भागवत कथा प्रचार समिति की ओर से संजय कॉलोनी स्थित सुखवाल समाज संस्था प्रांगण में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में बुधवार को पंडित रामदेवाचार्य ऋषिकेश ने कहा कि परमात्मा को प्राप्त करने के लिए कामना व तृष्णा का त्याग करना आवश्यक है। इन्हें त्यागे बिना मनुष्य न तो भगवान को प्राप्त कर सकता है न ही उसका कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को संसार की किसी भी वस्तु में आसक्ति नहीं रखनी चाहिए। कथा के दौरान भजन गायक विपुल रुहेला व महादेव भट्ट ने जब ओ भोले पंछी सोच जरा तेरा कहां ठिकाना है, भजन प्रस्तुत किए।