इंजन फेल, एक घंटा अटकी लोकल ट्रेन
भीलवाड़ा. गुरुवार सुबह अजमेर-उदयपुर लोकल ट्रेन का इंजन फेल हो गया। ट्रेन एक घंटा 10 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। इससे रेल यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। अजमेर-उदयपुर लोकल ट्रेन गुरुवार सुबह 11.20 बजे भीलवाड़ा स्टेशन पहुंची। आठ मिनट स्टॉपेज के बाद ट्रेन उदयपुर के लिए रवाना हुई। रेलवे फाटक के पास पहुंचने पर इंजन के फ्यूल ऑयल प्रेशर में खराबी आ गई तो चालक सीएम भाटी ने ट्रेन रोक दी। उन्होंने स्टेशन मास्टर आरपी मीणा को खराबी की सूचना देते हुए आशंका जताई कि ट्रेन आगे ले जाने पर रास्ते में कहीं भी खड़ी हो सकती है। एसएम ने रेलवे कंट्रोल रूम ((अजमेर)) से बात करने के बाद ट्रेन को पुन: बैक करा लिया। चालक भाटी ने रेलवे अधिकारियों को बताया कि इंजन के फ्यूल ऑयल प्रेशर में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते ट्रेन रास्ते में कहीं भी खड़ी हो सकती थी।