- Hindi News
- ट्रक चालकों से मारपीट कर 70 हजार रुपए लूटे
ट्रक चालकों से मारपीट कर 70 हजार रुपए लूटे
भीलवाड़ा. नागौर से पाउडर भरकर हैदराबाद के लिए रवाना हुए दो ट्रक चालकों के साथ गत रात रायला थाना क्षेत्र में रायसिंहपुरा पेट्रोल पंप के पास लुटेरों ने मारपीट की तथा 70 हजार रुपए लूट लिए। वारदात के बाद पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कराई, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। पुलिस ने दोनों चालकों का मेडिकल मुआयना कराया तथा ट्रक मालिक की रिपोर्ट पर मारपीट व लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
भीलवाड़ा निवासी ट्रक मालिक नारायण पुत्र उदयलाल सुथार ने रायला थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि मुंडेता ((शाहपुरा)) निवासी ट्रक चालक दिनेश कुमार शर्मा, राजू गिरी व खलासी नारायण लाल नागौर से दो ट्रक में पाउडर भरकर हैदराबाद के लिए रवाना हुए। बुधवार रात रायला थाना सर्किल में रायसिंहपुरा के पास पेट्रोल पंप पर दोनों ने अपने-अपने ट्रक खड़े कर दिए। दोनों चालक एक ट्रक में तथा खलासी नारायण दूसरे ट्रक में सो गए। गुरुवार सुबह करीब चार बजे लकडिय़ां लिए 7-8 नकबजन आए तथा जिस ट्रक में चालक सो रहे थे उसकी खिड़की खोल दोनों की जेब से 35-35 हजार रुपए निकाल लिए। इससे चालकों की आंख खुल गई और वे हल्ला मचाने लगे तो लुटेरों ने दोनों पर लाठियां बरसा जख्मी कर दिया।
नाकाबंदी नहीं आई काम
चालकों की आवाज सुनकर मौके पर पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ ही अन्य ट्रक चालक जमा हो गए। घटना की जानकारी रायला थाने में दी गई। एएसआई गिरधारीसिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे तथा क्षेत्र में नाकाबंदी करा लुटेरों की तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। बाद में पुलिस ने नारायण सुथार की रिपोर्ट पर मारपीट व लूट का मामला दर्ज कर लिया।
पैदल ही भागे लुटेरे
ट्रक चालकों से मारपीट कर नकदी ले जाने वाले सभी लुटेरे पैंट-शर्ट पहने थे, जो पैदल ही पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रकों के पास पहुंचे तथा वारदात को अंजाम देने के बाद पैदल ही भाग निकले। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा जख्मी दोनों चालकों दिनेश व राजू को एमजीएच लाया गया, जहां उनका मेडिकल मुआयना कराया गया। लुटेरे जिस ट्रक में खलासी सो रहा था, उसके पास नहीं पहुंचे।