डेयरी के सहायक प्रबंधक से मारपीट
भीलवाड़ा. अजमेर मार्ग पर नूर बाग के पास गुरुवार सुबह डेयरी के सहायक प्रबंधक मार्केटिंग पर 4-5 बाइक सवार युवकों ने पाइप से हमला कर दिया। हमले में घायल अधिकारी को एमजीएच में भर्ती कराया गया। एएसआई मानसिंह के अनुसार, चंद्रशेखर आजादनगर निवासी व डेयरी में सहायक प्रबंधक मार्केटिंग अरविंद कुमार ((55)) पुत्र कृष्णमुरारी सुबह घर से कार में डेयरी के लिए रवाना हुए। करीब साढ़े 10 बजे डेयरी से पहले नूर बाग के पास दो बाइक पर हाथ में लोहे के पाइप लिए चार-पांच नकाबपोश युवक आए तथा कार का कांच पाइप मार कर तोड़ दिया। इसके बावजूद डेयरी सहायक प्रबंधक ने कार नहीं रोकी। युवकों ने कार के आगे बाइक लगा चालक साइट का कांच तोड़ दिया तथा सहायक प्रबंधक के साथ मारपीट की और भाग गए। घायल अवस्था में सहायक प्रबंधक अरविंद को एमजीएच में भर्ती कराया। एएसआई सिंह ने बताया कि मुंह पर नकाब होने के कारण डेयरी अधिकारी हमलावरों को पहचान नहीं पाए।