पोषाहार सामग्री में कीड़े
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
सरकारी स्कूलों में बच्चों को खिलाए जाने वाले पोषाहार के गेहूं में इल्लियां, कीड़े व चावल में चूहे की गंदगी देख एडीएम ((सिटी)) यशोदानंदन श्रीवास्तव ने नाराजगी जताई। वे गुरुवार को शहर के राउमावि सुभाषनगर में मिड डे मील का निरीक्षण कर थे। स्कूल के एक कमरे में जहां गेहूं व चावल रखे थे, वहीं पर खाना पकाया जा रहा था। गेहूं रखी बोरियों को चूहों ने कुतर दिया था। इससे बाहर फैले गेहूं में इल्लियां व कीड़े हो गए थे।
चावल में चूहों की गंदगी देखकर एडीएम सिटी ने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि, घर की भी रसोई में ऐसे ही खाना बनाते हो क्या। उन्होंने गेहूं व चावल को साफ कर बच्चों को अच्छा पोषाहार खिलाने के निर्देश दिए। बच्चों खाना खिलाने वाली थालियां इतनी गंदी थीं कि जैसे साफ किए बहुत समय हो गया हो। उनके साथ शिक्षा विभाग की अधिकारी गीता शर्मा भी थीं। एडीएम ने पोषाहार प्रभारी रेखा कानूनगो व सचिव देवीलाल मारू को निर्देश दिए कि वे रसोईघर को बिल्कुल क्लीन रखें। इस स्कूल में 222 बच्चों के लिए पोषाहार बनता है। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर भी देखा। जिले के सरकारी स्कूलों में मिड डे मील का दो दिन सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसके लिए जिला स्तर से 42 अधिकारियों की टीम लगाई है।
:भीलवाड़ा. सुभाषनगर स्कूल में पोषाहार सामग्री जांचते एडीएम सिटी श्रीवास्तव।