- Hindi News
- निशान शरीफ चढ़ाने के साथ हजरत मंसूर अली बाबा का उर्स शुरू
निशान शरीफ चढ़ाने के साथ हजरत मंसूर अली बाबा का उर्स शुरू
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
हजरत मंसूर अली बाबा का 87वां उर्स गुरुवार को निशान शरीफ चढ़ाने के साथ प्रारंभ हो गया। इससे पूर्व तिलक नगर के अब्दुल रशीद शेख के यहां अजमेर वाले बाबा जमात के सदर मंसूर शाह की कयादत में निशान शरीफ का जुलूस निकाला गया।
शाम चार बजे गुलमंडी से चादर का जुलूस बैंडबाजे के साथ रवाना हुआ। इसके साथ कव्वाल पार्टी नात पढ़ते हुए और मस्त मलंग करतबों का प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। चादर का जुलूस बाहला होता हुआ दरगाह पहुंचा। जहां चादर पेश कर अकीदत के फूल पेश किए गए। रात नौ बजे से किछोछा शरीफ से आए सैयद हसन अश्करी अशरफी अल जिलानी का नूरानी बयान हुआ। उर्स कमेटी के मोहम्मद रफीक सिलावट ने बताया कि शुक्रवार दोपहर ढाई बजे सीरत सराय से सिलावट समाज की ओर से चादर शरीफ का जुलूस निकाला जाएगा। दरगाह में चादर पेश कर अमन चैन की दुआ की जाएगी। रतलाम, मंदसौर, निंबाहेड़ा व चित्तौडगढ सहित कई क्षेत्रों से जायरीनों का आना शुरू हो गया है। उर्स में लगी विभिन्न दुकानों पर जायरीनों ने खरीददारी भी की।
:भीलवाड़ा. उर्स के शुभारंभ पर गुरुवार को गुलमंडी से चादर शरीफ का जुलूस निकालते जायरीन।