जेंडर संवेदी शासन के लिए प्रशिक्षण
भास्कर न्यूज - भीलवाड़ा
राजस्थान पंचायतीराज रिफ्रेशर अभियान के तहत जेंडर संवेदी शासन पर सुवाणा ब्लॉक में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। प्रधान सरोजदेवी गुर्जर ने संबोधित करते हुए हर जगह महिला जनप्रतिनिधियों की सहभागिता को जरूरी बताया। जिला परिषद सीईओ रामपाल शर्मा ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में महिलाओं को सजग रहने की जरूरत है। शिक्षा स्थाई समिति के अध्यक्ष बालूलाल आचार्य ने महिला शिक्षा में जागरूकता की बात कही। बीडीओ नारायणलाल जाट ने प्रशिक्षण शिविर के बारे में बताया। इसमें स्वरूपगंज सरपंच प्रेमकंवर, गुरलां सरपंच सुरेशचंद्र बोहरा, हमीरगढ़ सरपंच आशा मंडोवरा, पालड़ी सरपंच अंबालाल शर्मा, खेराबाद सरपंच भगवतसिंह आदि मौजूद थे।
शाहपुरा. इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा पंचायत समिति सभागार में रिफ्रेशर प्रशिक्षण अभियान के तहत दो दिवसीय सरपंचों व ग्रामसेवकों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कन्या भ्रूण हत्या एवं गिरते लिंगानुपात की रोकथाम पर बनी फिल्म दिखाई गई।
कार्यशाला के समापन सत्र में विकास अधिकारी अर्जुन मोरवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी मिलकर विकास नियोजन को जेंडर संवेदी बनाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक व शैक्षणिक कारणों से भेदभाव किया जाता है, जिससे महिलाएं हर क्षेत्र मे पिछड़ती जा रही हैं। उन्होंने सरपंचों व ग्रामसेवकों को जेंडर समानता बढ़ाने का आह्वान किया। पंचायत प्रसार अधिकारी महबूब, प्रगति प्रसार अधिकारी राधेश्याम मूंदड़ा ने भी विचार रखे। एडवोकेट किरण गुर्जर ने महिला सशक्तिकरण, मानवाधिकार एवं महिला सुरक्षा अधिकारों की जानकारी दी। दक्ष प्रशिक्षक भोमालाल गुर्जर, शशि तंवर, ईश्वर गुर्जर ने भी प्रशिक्षण दिया।
कोटड़ी. जेंडर संवेदनशीलता पर पंचायत समिति के सभागार में चल रही दो दिवसीय कार्यशाला गुरुवार को संपन्न हुई। विकास अधिकारी सुधीर कुमार पाठक ने सरपंचों एवं सचिवों को पंचायत क्षेत्र के लोगों को महिला-पुरुष का भेद समाप्त करने तथा बच्चों की जन्मदर के अंतर को समाप्त करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर दिया। आमां सरपंच गोपाल सुवालका, सुठेपा सरपंच रमेश शर्मा, रेड़वास सरपंच सायर देवी जाट ने भी विचार रखे।