विधानसभा उपाध्यक्ष विपक्ष का हो : डूडी
भास्कर न्यूज - बीकानेर
नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने कहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को मिलना चाहिए। पिछली परंपराएं क्या रही इससे भूलकर वसुंधराराजे को नई परंपरा शुरू करनी चाहिए और विधानसभा उपाध्यक्ष का पद विपक्ष के किसी विधायक को देना चाहिए। भास्कर से बातचीत में डूडी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव में विपक्ष पूरी तरह सत्तापक्ष के साथ रहा। उम्मीद है कि अध्यक्ष निष्पक्षता से काम करेंगे और विपक्ष के आंकड़ों को भूल हर मामले में साथ लेकर चलेंगे। इससे सदन को चलाने में आसानी रहेगी।
बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद डूडी ने अध्यक्ष कैलाश मेघवाल को बधाई देने के बाद कहा कि विपक्ष को कमतर न आंके। संख्या भले ही 21 हो लेकिन जनता के खिलाफ सरकार ने कोई काम किया तो विरोध में पीछे नहीं रहेंगे। डूडी ने आश्वासन दिया कि तकनीकी विश्वविद्यालय बीकानेर को सरकार खोलना नहीं चाहती लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस मुद्दे को उठाएंगे। किसी सरकार के निर्णय को पलटने से पहले वहां की जनता की भी राय ली जाए। तकनीकी विश्वविद्यालय के मामले को पुरजोर तरीके से उठाएंगे। उन्होंने भाजपा विधायकों से भी आग्रह किया वे भी इस मामले में बीकानेर की जनता के साथ रहें। सदन में बीकानेर की आवाज बुलंद करें ताकि तकनीकी विश्वविद्यालय के सपने को पूरा किया जा सके। यदि सरकार को विश्वविद्यालय में कोई कमी लगती है तो उसके औपचारिक गठन को मंजूरी देने के बाद दूर करें लेकिन पिछली सरकार के निर्णय को पलटना ठीक नहीं होगा।