प्रेक्टिकल के लिए ऑब्जर्वर लगाए एचएम
भास्कर न्यूज - बीकानेर
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए जिले की 106 निजी स्कूलों में ऑब्जर्वर लगाए गए हैं।
बोर्ड ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत गैर प्रायोगिक विषय के व्याख्याताओं को ही ऑब्जर्वर लगाने के आदेश दिए हैं लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक ने 106 निजी स्कूलों में से 62 में सरकारी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को ऑब्जर्वर लगा दिया है। इससे जिले की 62 माध्यमिक स्कूलों की परीक्षाओं पर विपरीत असर पड़ेगा। प्रेक्टिकल सरकारी स्कूलों में भी होंगे। उसके बाद मार्च में बोर्ड की परीक्षाएं हैं। अव्यवस्था का आलम यह है कि एक ही एचएम को एक से अधिक स्कूल की जिम्मेवारी थमा दी गई है। राजकीय बालिका माध्यमिक स्कूल खारीचारणान की प्रधानाध्यापिका रेणु अग्रवाल को हीरालाल सौभाग्यमल रामपुरिया उमावि, रमेश इंग्लिश स्कूल, विवेक बाल निकेतन में ऑब्जर्वर लगाया गया है। अब उन्हें एक ही दिन और समय में एक साथ तीन स्कूलों में प्रेक्टिकल करवाने होंगे। इसी प्रकार रा मावि चार एमएम भलूरी के एचएम मुकेश कुमार को बज्जू की सरस्वती विद्या मंदिर और फ्रंटियर एंजिल्स स्कूल में ऑब्जर्वर लगाया गया है।
गौरतलब है कि प्रमुख शासन सचिव, स्कूल शिक्षा के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षा निदेशक विकास भाले ने मंगलवार को ही बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के आदेश जारी किए थे लेकिन जिले की 62 राजकीय माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाध्यापकों के नहीं होने से इन आदेशों की क्रियान्विति को लेकर संशय उत्पन्न हो गया है।