- Hindi News
- केंद्रीय बलों के रिटायर्ड जवानों का आमरण अनशन 27 से
केंद्रीय बलों के रिटायर्ड जवानों का आमरण अनशन 27 से
बीकानेर - केंद्रीय अद्र्धसैनिक बलों के रिटायर्ड अधिकारी और जवान अपनी मांगों को लेकर 27 जनवरी से जिला कलेक्टर चूरू कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन
पर बैठेंगे।
केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल सेवानिवृत कल्याण समिति के अध्यक्ष हनुमान सिंह पूनिया के अनुसार बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के रिटायर अधिकारी और जवान केंद्र सरकार से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित हैं। सरकार को कई बार मांग पत्र दिया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकार की बे-रुखी को देखते हुए अब अनिश्चितकालीन आमरण अनशन करने का निर्णय लिया है। पूनिया ने बताया कि देश पर प्राण न्यौछावर करने वाले कार्मिकों को शहीद का दर्जा नहीं मिलता। बीएसएफ नियम 19 उप नियम 1969 के तहत पेंशन कर्मियों को पूरा लाभ नहीं मिलता। देश की आम्र्ड फोर्सेज को केंद्र ने आम्र्ड पुलिस लिख दिया, जिसका खमियाजा हजारों जवानों को भुगतना पड़ रहा है। आम्र्ड फोर्सेज आर्मी की तरह समानांतर ड्यूटियां कर रही हैं। फिर भी उन पर सिविल सर्विस रूल लागू है। सी एसडी केंटीन तक की सुविधा नहीं है। पूनिया ने बताया कि इस बे रुखी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहले देश के विभिन्न हिस्सों में कल्याण समिति ने प्रदर्शन किए थे लेकिन अब आमरण अनशन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों को भी शामिल किया जा रहा है। राजस्थान के सभी जिलों से बल के रिटायर्ड अधिकारी और जवानों को आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया गया है।