- Hindi News
- गणतंत्र दिवस अभ्यास के दौरान जगुआर क्रैश
गणतंत्र दिवस अभ्यास के दौरान जगुआर क्रैश
भास्कर न्यूज - बीकानेर/गजनेर
भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान जगुआर बुधवार की रात अक्कासर और भोलासर गांव के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान टू सीटर था। दोनों पायलट सुरक्षित हैं। गिरने से उनके मामूली चोटें आई हैं। घटना की कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। विमान गणतंत्र दिवस पर फ्लाई पास्ट के अभ्यास पर था।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 8.30 बजे हुआ है। जगुआर अभ्यास के दौरान वापस लैंडिंग के लिए नाल एयर बेस लौट रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया। विमान टू सीटर था। पायलट और को-पायलट को गड़बड़ी का अंदाजा हो गया था। उन्होंने इजेक्ट कर स्वयं को विमान से अलग कर लिया। विमान भोलासर और अक्कासर के बीच नारायण राम मेघवाल के खेत में गिरा। उसका मलबा करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैल गया। सूचना मिलने के बाद वायु सेना के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ब्लैक बॉक्स की खोजबीन देर रात तक जारी थी। शेष - पेज ११
विमान के पायलट विजय सिंह और मेरठ निवासी प्रियंक भारद्वाज पैराशूट से नाल और सालासर गांव के बीच में उतरे। कंकरीट पर गिरने से उनके चोटों आई हैं। उन्हें एंबुलेंस की मदद से नाल एयरबेस ले जाया गया है। वायुसेना ने दुर्घटना से प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है।
विमान हादसे की सूचना मिलने के बाद आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन वायुसेना ने सभी को वहां से हटा दिया। जिला कलेक्टर आरती डोगरा और एसपी संतोष चालके ने भी मौके का जायजा लिया है। कलेक्टर ने बताया कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं। कोई जनहानि नहीं हुई है। विमान खेत में ही गिरा था। वायुसेना अपना काम कर रही है।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली राजपथ पर फ्लाई पास्ट करने के लिए लड़ाकू विमान इन दिनों बीकानेर के आकाश में अभ्यास कर रहे हैं। यह विमान भी नियमित अभ्यास पर था।