पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पायलट को सालासर गांव के लोगों ने संभाला

पायलट को सालासर गांव के लोगों ने संभाला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बीकानेर
जगुआर हादसे में सुरक्षित बचे दोनों पायलटों को सबसे पहले सालासर गांव के लोगों ने संभाला।
विमान क्रैश होने से ठीक पहले पायलट विजयसिंह और प्रियंक भारद्वाज इजेक्ट कर विमान से अलग हो गए। दोनों पैराशूट की मदद से नीचे उतर आए लेकिन नाल से नौ किलोमीटर दूर सालासर गांव के पास कंकरीट पर गिरने से चोटिल हो गए। उनके गिरने की आवाज सुनकर पास ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। नाल एयरबेस के एयर कमोडोर राजीव भटनागर भी वायुसेना अधिकारियों के साथ पहुंचे और पायलटों की सुध ली। एंबुलेंस की मदद से उन्हें एयरबेस ले जाया गया। इससे पूर्व नाल गांव के सरपंच श्रीराम रामावत, नीलकमल वैद्य सहित कई लोग वहां पहुंच गए और पायलटों से बातचीत की। रामावत ने पायलटों को धन्यवाद दिया कि उन्होंने गांव को बचा लिया। सरपंच ने बताया कि यदि विमान गांव पर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि कंकरीट पर गिरने से दोनों के चोटें आई हैं। दूसरी तरफ विमान हादसे के कारण भोलासर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया। घटना की खबर आग की तरह फैल गई और आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे गए। गजनेर थाना प्रभारी बूटासिंह पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और लोगों को विमान के मलबे से दूर किया। अंधेरा होने के कारण वाहनों की लाइट की रोशनी में मलबे और ब्लैक बॉक्स की खोजबीन की गई।