- Hindi News
- खिलाडिय़ों को नहीं हुआ दैनिक भत्ता और गणवेश का भुगतान
खिलाडिय़ों को नहीं हुआ दैनिक भत्ता और गणवेश का भुगतान
भास्कर न्यूज - बीकानेर
राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाडिय़ों को अभी तक दैनिक भत्ता, यात्रा और गणवेश का भुगतान नहीं हुआ है।
हालांकि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने अग्रिम भुगतान के आदेश जारी कर रखे हैं। इसके बावजूद प्रतियोगिता खत्म होने के एक माह बाद भी छात्र-छात्राओं को दैनिक भत्ता और गणवेश की राशि नहीं मिल पाई है। संस्था प्रधानों के पास भी भुगतान नहीं होने से समस्या हो रही है। विभागीय नियमानुसार खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाडिय़ों को प्रतिदिन दैनिक भत्ता 50 रुपए और 150 रुपए गणवेश के देने का प्रावधान है। खिलाडिय़ों को भुगतान में हो रही देरी पर शिक्षक संगठनों ने रोष प्रकट किया है। शिक्षक संघ राष्ट्रीय के पदाधिकारियों ने बताया कि दैनिक भत्ते और गणवेश की राशि का निर्धारण कई वर्ष पहले किया गया था, आज इतनी महंगाई के बाद भी विभाग की ओर से इसमें बढ़ोतरी नहीं की गई है। वहीं प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाडिय़ों को समय पर दैनिक भत्ता और गणवेश की राशि का भुगतान भी नहीं हो रहा है।